कलेक्टर ने किया उचित मूल्य दुकान, आंगनवाड़ी केंद्र और पंचायत कार्यालयों के निरीक्षण

0 126
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा विकासखंड सिहावल के ग्राम पंचायतों पटेहरा कोठार, अमरपुर तथा पटेहरा सोनतीर का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शासकीय उचित मूल्य दुकान, आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों तथा ग्रामपंचायत कार्यालयों का निरीक्षण अवलोकन किया। माह जुलाई में मात्र 30 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण होने पर कलेक्टर ने विक्रेता शासकीय उचित मूल्य दुकान पटेहरा सोनतीर के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिले की ऐसी शासकीय उचित मूल्य दुकानें जहाँ माह जुलाई के खाद्यान्न वितरण 70 प्रतिशत से कम है उन सभी की विस्तृत जांच कर अनियमितता पाए जाने पर विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभागीय अधिकारी अपने क्षेत्रान्तर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न वितरण की निगरानी रखना सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कार्यालय पटेहरा कोठार के निर्धारित समय पर संचालित नहीं होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया है कि इसकी जिम्मेदारी तय कर समय से संचालित कराना सुनिश्चित करें अन्यथा दोषी अधिकारी कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने सैटेलाइट शाला नवानगर पटेहरा कोठार, आगनवाड़ी केन्द्र पटेहरा कोठार नं.-2 एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पटेहरा सोनतीर का भी निरीक्षण किया। कार्यालयों में निरीक्षण पंजी संधारित होना नहीं पाया गया। कलेक्टर ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज करते हुए संबंधित सुपरवाइजरी अधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश हैं। कलेक्टर ने कहा कि सभी कार्यालयों में निरीक्षण पंजी अनिवार्य रूप से संधारित की जाए यह सभी विभाग प्रमुख सुनिश्चित करेंगे। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर लाड़ली बहना सेना के गठन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने जिले के सभी ग्रामों तथा नगरीय क्षेत्र में गठित लाड़ली बहना सेना को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लाड़ली बहना सेना की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।भ्रमण के दौरान उपखण्ड अधिकारी सिहावल एस पी मिश्रा, तहसीलदार जान्हवी शुक्ला, डीपीएम आजीविका मिशन पुष्पेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

News TOP Footer