संत शिरोमणि रविदास जी समरसता यात्रा का सीधी जिले में जगह-जगह हुआ स्वागत


सीधी धर्मेंद : संत शिरोमणि श्री रविदास जी का भव्य मंदिर और स्मारक सागर में बनाया जाएगा, जो समाज को शांति, सद्भाव और समरसता का संदेश देगा। समाज में संत रविदास के संदेश और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में समरसता यात्राएँ निकाली जा रही हैं, जो 12 अगस्त को सागर पहुँचेंगी जहाँ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मंदिर निर्माण का शिलान्यास करेंगे। 26 जुलाई को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा बैढ़न से प्रारंभ की गई समरसता यात्रा आज सीधी जिले के कुसमी पहुंची। विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम ने संत शिरोमणि श्री रविदास जी की चरण पादुका का पूजन कर उन्हें अपने सिर पर उठाकर जिले में यात्रा का शुभारंभ किया। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीराबाई सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती जमुनी देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा समरसता यात्रा का हर्सोल्लास के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। जिले के कुसमी में वृहद जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से संत शिरोमणि श्री रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया गया। विधायक धौहनी श्री टेकाम ने कहा कि पहली बार संत शिरोमणि रविदास जी के जीवन मूल्यों, शिक्षाओं और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समरसता यात्रा निकली जा रही है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान संत शिरोमणि की प्रेरणा से समाज में समरसता कायम रखने का प्रयास कर रहे हैं। यात्रा के प्रभारी श्री कैलाश जाटव ने संत शिरोमणि श्री रविदास जी की समरसता एवं समाज कल्याण के संदेशों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी भारतीय संत परंपरा के शिरोमणि थे जिन्होंने सामाजिक सद्भाव, समरसता और समानता का मंत्र दिया। उन्होंने जात-पात, छुआछूत और कुप्रथाओं का कड़ा विरोध किया। यात्रा में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीराबाई सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती जमुनी देवी, समाजसेवी श्री देव कुमार सिंह चैहान सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकों तथा श्रद्धालुओं ने आगे रहकर यात्रा में सहभागिता की।
