सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में सीधी जिला प्रदेश में 11वें स्थान पर

सीधी धर्मेंद : 24 जुलाई को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर साकेत मालवीय ने माह जून में प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रदेश में 11वें स्थान में रहने पर अधिकारियों को बधाई देते हुए आगे भी बेहतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एल1 तथा एल2 अधिकारियों को चिन्हित कर उन्हें उचित अवसरों पर सम्मानित करने के लिए कहा है। कलेक्टर ने माह जुलाई की शिकायतों के निराकरण में भी अभी से प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि माह जुलाई में प्राप्त शिकायतों को 20 अगस्त के पूर्व संतुष्टि के साथ निराकृत किया जाना है। सभी विभाग प्रमुख अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा शिकायतों की संख्या के आधार पर प्रतिदिन शिकायतों के निराकरण का लक्ष्य निर्धारित करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करायें। कलेक्टर ने न्यायालयों में लंबित मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यालय में इसकी सूची संधारित करते हुए न्यायालय में समय-सीमा में जवाब-दावा प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी संत शिरोमणि रविदास समरसता-यात्रा का सिंगरौली जिले से 25 जुलाई को शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा 27 एवं 28 जुलाई को सीधी जिले के सभी विकासखंडों के विभिन्न ग्रामों से गुजरेगी तथा रीवा जिले के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा के दौरान संत रविदास के दर्शन और समाज सुधार के लिये उनके द्वारा दिये गये संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार यात्रा में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने भूअर्जन के कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समयसीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, डिप्टी कलेक्टर एसपी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
