‘‘रोजगार दिवस’’ पर स्वरोजगार योजना के हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित

सीधी धर्मेंद : प्रदेश के युवाओं को केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में माह के एक दिन को रोजगार दिवस के रूप में मनाया जाता है। 24 मई को प्रदेश के सभी जिलों में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। सीधी जिले में जिला पंचायत सीधी के सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कर 2136 हितग्राहियों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से 5 करोड़ 21 लाख 60 हजार रूपए से अधिक का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। कार्यक्रम में उमरिया जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनों ने मुख्यमंत्री श्री चैहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा सुना। जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में राज्य सरकार रोजगार के लिए अनेकों प्रयास कर रही है। शासकीय सेवाओं में भर्ती के साथ-साथ स्व-रोजगार के क्षेत्र में प्रयास निरंतर जारी हैं। प्रतिमाह रोजगार दिवस का आयोजन कर स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। विधायक श्री शुक्ल ने कहा कि रोजगार का मतलब केवल नौकरी ही नहीं है। अपनी क्षमताओं को पहचाने तथा योजनाओं को समझते हुए उनका लाभ लें तथा स्वयं का उद्यम स्थापित करें। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, जिला पंचायत के उद्योग एवं सहकारिता समिति के सभापति प्रदीप शुक्ल, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती बहेलिया, हीरा बाई सिंह, पूजा सिंह कुशराम, मनोज सिंह द्वारा लाभान्वित हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी कार्यक्रम में कलेक्टर साकेत मालवीय ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जी की मंशानुसार प्रत्येक माह रोजगार दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से आप स्वयं तो आत्मनिर्भर होते हैं, साथ ही अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराते हैं। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र नवीन कुशवाहा, डीपीएम आजीविका मिशन पुष्पेंद्र सिंह, एलडीएम जगमोहन सहित जनप्रतिनिधि संबंधित विभागीय अधिकारी, बैंकर्स एवं हितग्राही उपस्थित रहें।
