जनसुनवाई में अपर कलेक्टर ने सुनी 123 आवेदकों की समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : 29 नवम्बर को जिला पंचायत सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 123 आवेदकों की समस्याओं को अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय ने ध्यानपूर्वक सुना और निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। आज आयोजित जनसुनवाई में समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़े रहे। अपर कलेक्टर श्री पाण्डेय द्वारा संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की गई तथा उसके निराकरण के लिए निर्देश दिए गए। अपर कलेक्टर श्री पाण्डेय ने जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा लोगों की समस्या के त्वरित निराकरण करने की मंशा से जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। अपर कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाय। मैदानी स्तर पर सभी पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ सहज रूप से दिलाया जाना सुनिश्चित हो। अपर कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि लोगों की सामान्य समस्याओं का निराकरण ग्राम पंचायत, तहसील और नगरीय निकाय के स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, उन्हें अपनी छोटी -छोटी एवं जायज कार्यों के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
