मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह का हुआ शुभारंभ विधायक श्री शुक्ल ने ध्वजारोहण कर दी शुभकामनाएं

सीधी धर्मेंद : 1 नवम्बर को मध्यप्रदेश के 67वां स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ सीधी जिले में 01 नवंबर से 07 नवम्बर 2022 तक श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समारोह का शुभारंभ एक नवंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र. 1 सीधी में विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री शुक्ल ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि मध्यप्रदेश का गौरवशाली इतिहास रहा है। आज प्रदेश अपना 67वां स्थापना दिवस मना रहा है, यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होने विन्ध्य क्षेत्र की धरा की विशेषताएं बताते हुए उसके गौरवशाली इतिहास की जानकारियों को भी साझा किया। विधायक श्री शुक्ल ने युवा पीढ़ी को प्रदेश के विकास में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होने कहा कि आज के समय में हमें प्रायोगिक एवं व्यवहारिक ज्ञान को अधिक महत्व देने की आवश्यकता है। अपने विषय की पढ़ाई करते समय प्रायोगिक कार्यों पर ध्यान केन्द्रित करें। कार्यक्रम में विधायक श्री शुक्ल द्वारा लोगों को नशे की लत से दूर रहने तथा दो पहिया वाहनों की सवारी करते समय हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई गई। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल द्वारा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 सीधी से हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया गया। रैली उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान से प्रारंभ होकर गांधी चैक, लालता चैक, हनुमान मंदिर, सम्राट चैक, अस्पताल चैक से होकर उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान में समाप्त हुई।
