कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभान्वित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा सभी विभाग प्रमुखों को मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर 2022 तक मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का क्रियान्वयन किया जाएगा। इस अभियान में विभिन्न विभागों की 33 जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले 33 जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से प्रत्येक पात्र हितग्राही के आवेदन प्राप्त करें तथा निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया है कि प्रत्येक विभाग प्रमुख तथा शिविर प्रभारी की जिम्मेदारी होगी कि प्रत्येक पात्र हितग्राही की योजना से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। कलेक्टर ने शिविरों के आयोजन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि विभाग प्रमुख समय-सीमा पत्रों के लिए विभागवार निर्धारित तिथि को अद्यतन जानकारी के साथ समस्त फाइलों को प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
