प्रत्येक पात्र हितग्राही को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें कहा कलेक्टर श्री खान ने

सीधी धर्मेंद : समय सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के निर्देशानुसार सभी कल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर योजना से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जाना है। प्रथम चरण में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2022 तक घर-घर सर्वे कर छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर वांछित अभिलेख के साथ आवेदन पत्र प्राप्त किए जाने हैं। द्वितीय चरण 03 से 31 अक्टूबर 2022 तक प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाना है। कलेक्टर श्री खान ने निर्देशित किया है कि उपखण्ड अधिकारी (राजस्व) इस अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी दलों का गठन कर सर्वे का कार्य पूर्ण कराएंगे, जिसमें हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित विभागों की भी सहभागिता होगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सर्वे का कार्य पूरी सावधानी एवं गंभीरता से किया जाए। कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। आवेदन पत्र पूर्ण रूप से भरे हो तथा सभी आवश्यक दस्तावेज लगे हों। कलेक्टर श्री खान ने निर्देश दिए हैं कि योजनावार प्राप्त आवेदन पत्रों को सूचीबद्ध कर समाधान कारक निराकरण करते हुए प्रत्येक दिवस प्रगति रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करेंगें। कलेक्टर ने कहा कि छूटे हुए शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करायें इस कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने सभी विभाग प्रमुखों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाईन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए अभियान चलाया जाए तथा 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत करने की पहल की जाए। इसके साथ ही अगस्त माह में प्राप्त शिकायतों को 20 सितंबर के पहले शत प्रतिशत संतुष्टि के साथ निराकृत करायें।कलेक्टर ने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि विशेष प्रयास किया जाकर 100 दिवस से अधिक समय से लंबित अधिकतम शिकायतों को संतुष्टि पूर्वक निराकृत करायें। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। उन्होंने इसके लिए प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी कलेक्टर कार्यालय से संपर्क में रहते हुए की गई अद्यतन कार्यवाही से अवगत कराएंगे। इसके साथ ही समय-सीमा पत्रों के संबंध में अद्यतन जानकारी प्रत्येक सप्ताह गुरुवार के पूर्व ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने एडॉप्ट एन आंगनबाड़ी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक माह कम से कम एक बार आंगनबाड़ी केंद्रों के भ्रमण के निर्देश दिए हैं तथा आंगनबाड़ी की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार की दिशा में कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार वितरण की जांच अवश्य करें। भ्रमण की जानकारी अनिवार्य रूप से गूगल सीट में अद्यतन की जाए। कलेक्टर श्री खान ने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए उन्हें अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर श्री खान ने जिले के सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि विगत माहों से ही आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को गति प्रदान करते हुए इसकी सतत निगरानी रखी जाए। कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों के पात्रता पर्ची जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री खान ने समस्त निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया है कि जिले की सभी सड़कों का निरीक्षण करें तथा आवश्यकतानुसार उनमें आवश्यक मरम्मत के कार्य पूर्ण करायें जाएं। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लापरवाही बरतने वाले संविदाकारों पर अनुबंध अनुसार दंडात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्मित आवासों को चिन्हित कर जियो टैग करने तथा जिन हितग्राहियों के मकान निर्माण की प्रगति धीमी है उन्हे तेजी से कार्य करने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
