कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की

सीधी धर्मेंद : 25 अगस्त को कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विकासखंडवार प्रत्येक जल जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी लेते हुये प्रगति की समीक्षा की। साथ ही सभी संविदाकारों से चर्चा कर जल जीवन मिशन की कार्य पूर्णता की तिथि एवं समय-सीमा निर्धारित की गई। समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री खान ने लापरवाही बरतने वाले संविदाकारों पर अनुबंध अनुसार दंडात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लापरवाही बरतने वाले संविदाकारों को ब्लैक लिस्टिड करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि जल जीवन मिशन एक महत्वपूर्ण मिशन है, इसमें लापरवाही एवं उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। घर-घर पानी पहुंचाने का कार्य गुणवत्ता के साथ हो। कार्य में जहां कहीं भी परेशानी हो रही है उसे अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर सुलझायें। उन्होंने कहा कि बिजली और बिल भुगतान आदि जो भी समस्या है उसका भी निराकरण करें। कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है कि कार्य की प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट लें और समस्याओं को सुलझायें। उन्होंने कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया है कि जो कार्य संविदाकारों द्वारा पूरा करा लिया गया है उसे सात दिवस के अंदर हैंडओवर कराकर योजना चालू करें। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी और संविदाकार उपस्थित रहे।
