जिले में हर्षोल्लास के साथ गरिमामय ढंग से मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस समारोह

सीधी धर्मेंद : जिले भर में आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्वक मनाया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड सीधी में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने कहा कि इस वर्ष हम आजादी की 75वीं वर्षगांठ को आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन भव्यता के साथ हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से किया जाये। कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार जिला, विकासखण्ड तथा ग्राम पंचायत स्तर पर समारोह आयोजित किये जायेंगे। जिला स्तरीय समारोह पुलिस परेड ग्राउंड सीधी में प्रातरू 9 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण से आरंभ होगा। समारोह में जिला पुलिस बल, एसएएफ, होम गार्ड, वन विभाग तथा एनसीसी के कैडेट द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जायेगी। समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री जी के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन करेंगे। इसी तरह नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों तथा ग्राम पंचायतों में भी ध्वजारोहण किया जायेगा। सभी शासकीय तथा अशासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में भी प्रातरू 7.30 बजे तक ध्वजारोहण किया जायेगा। सभी शासकीय भवनों में 14 एवं 15 अगस्त की रात में रोशनी की व्यवस्था करायें आगे कलेक्टर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत आगामी 13 से 15 अगस्त के मध्य प्रत्येक घर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के विषय में लोगों को जागरूक करें तथा उन्हें स्वयं के संसाधनों से झंडा क्रय कर अपने घरों, प्रतिष्ठनों एवं संस्थानों में लगाने के लिए प्रेरित करें।
