मतदाता सूची पुनरीक्षण में राजनैतिक दल करें सक्रिय सहभागिता कहा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुजीबुर्रहमान खान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 कार्यक्रम दिनांक 25 जुलाई 2022 को जारी किया गया है। कलेक्टर श्री खान द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है। कलेक्टर ने कहा कि राजनैतिक दलों की सक्रिय सहभागिता के बिना मतदाता सूची का शुद्धिकरण संभव नहीं है। राजनैतिक दल अपने बीएलए के द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलओ का सहयोग करें तथा नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम विलोपित कराने, मतदाताओं की जानकारी में आवश्यक सुधार करने में सहयोग प्रदान करें। कलेक्टर श्री खान द्वारा महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा है। उन्होंने बताया कि जिले की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में न्यूनतम है, अतः इस दिशा में विशेष प्रयास किये जाने की आवश्यकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खान ने बताया कि इस कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 4 अगस्त 2022 से 24 अक्टूबर 2022 तक पुनरीक्षण पूर्व की कार्यवाही अर्थात तैयारी की जाएगी। दिनांक 09.11.2022 को वोटर लिस्ट का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिनांक से दिनांक 08.12.2022 तक नाम जोड़ने तथा आपत्तियों के आवेदन प्रस्तुत किये जा सकेंगे। इसी अवधि में विशेष कैम्प दो शनिवार एवं दो रविवार को आयोजित किया जाएगा। इस दिन बी.एल.ओ. दिन भर मतदान केंद्र में बैठकर आवेदन पत्र प्राप्त करेंगे। दिनांक 26.12. 2022 तक आवेदन पत्रों का निराकरण होगा तथा दिनांक 05.01.2023 को वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन होगा। यह विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 1 जनवरी 2023 की अर्हता तिथि को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।
