हर घर तिरंगा अभियान और अंकुर अभियान में करें सक्रिय सहभागिता कहा कलेक्टर श्री खान ने

सीधी धर्मेंद : समय सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान तथा अंकुर अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन अभियानों को जन अभियान बनाने के लिए सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि इस अभियान में आगे रहकर सहभागिता करें तथा अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों एवं हितग्राहियों तथा जन सामान्य को भी प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों, खिलाड़ियों, व्यापारियों, धर्म गुरूओं तथा गणमान्य नागरिकों को सहभागी बनाये। जिले भर में व्यापक प्रचार-प्रसार करके अभियान के लिए सकारात्मक वातावरण का निर्माण करें। कलेक्टर ने कहा कि अभियान के प्रचार प्रसार के लिए प्रभात फेरी, रैली आदि का आयोजन करें। विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में रंगोली, चित्रकला, भाषण आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन कर छात्र छात्राओं के राष्ट्रीय ध्वज एवं स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति जागरूक करें।कलेक्टर ने कहा कि 13 से 15 अगस्त के मध्य सभी अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा अन्य लोगों को भी फहराने के लिए प्रेरित करें। अंकुर अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अंकुर अभियान के तहत बड़ी संख्या में पौधरोपण किया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को शासकीय कार्यालयों, परिसरों , विद्यालयों में पौधरोपण करने के लिए तथा उसकी फोटो वायुदूत एप में अपलोड करने के लिए कहा है। उन्होंने इस अभियान में आमजनों की पर्यावरण संरक्षण की चेतना का विकास कर पौधरोपण अभियान में सहभागी बनाने के लिए प्रेरित करने को कहा है। कलेक्टर ने कहा कि पौधरोपण अभियान को भी जन अभियान बनाये। हर व्यक्ति उपयुक्त स्थल पर कम से कम एक पौधा हर वर्ष रोपित करें। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पौधरोपण आवश्यक ही नहीं अनिवार्य है। लोगों को उनके तथा उनके परिवारजनों के जन्म दिन, विवाह की वर्षगांठ एवं परिजनों के स्मृति दिवस में पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित करें। सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने सभी विभाग प्रमुखों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाईन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए अभियान चलाया जाए तथा 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत करने की पहल की जाए। इसके साथ ही जुलाई माह में प्राप्त शिकायतों को 20 अगस्त के पहले शत प्रतिशत संतुष्टि के साथ निराकृत करायें। बड़ी संख्या में अन-अटेंडेड शिकायतों पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्री खान ने संबंधित एल1 एवं एल2 अधिकारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि विशेष प्रयास किया जाकर 100 दिवस से अधिक समय से लंबित अधिकतम शिकायतों को संतुष्टि पूर्वक निराकृत करायें। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों को शिकायत कर्ता से संवाद स्थापित करते हुए संतुष्टिपूर्वक निराकरण दर्ज करायें। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। इसके साथ ही सभी विभाग प्रमुखों को समय-सीमा पत्रों के संबंध में अद्यतन जानकारी प्रत्येक सप्ताह दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त कार्यवाही नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय, समस्त उपखण्ड अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
