जिले के सभी नगरीय निकायों के पार्षद पदों की मतगणना आज मतगणना केन्द्र के अंदर मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा

सीधी धर्मेंद : नगरीय निकाय चुनाव के द्वितीय चरण में नगर पालिका परिषद सीधी, नगर परिषद चुरहट, रामपुर नैकिन तथा मझौली में पार्षद पदों के लिए मतदान कराया गया था। इनकी मतगणना 20 जुलाई को संबंधित नगरीय निकायों में बनाए गए मतगणना स्थलों में सुबह 9 बजे से आरंभ होगी। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुजीबुर्रहमान खान ने बताया कि नगर पालिका परिषद सीधी में शासकीय संजय गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी के पुराना भवन में, नगर परिषद चुरहट में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चुरहट में, रामपुर नैकिन में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय रामपुर नैकिन में तथा मझौली में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मझौली में मतगणना होगी। मतगणना के बाद मतों का सारणीकरण करके रिटर्निंग ऑफीसर चुनाव परिणामों की घोषणा करेंगे तथा विजेता उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। कलेक्टर ने कहा है कि मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे। केवल वैध प्रवेश पत्रधारी व्यक्ति को ही मतगणना केन्द्र में प्रवेश मिलेगा। मतगणना केन्द्र के अंदर मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना के समय उम्मीदवार तथा उनके मतगणना एजेंट उपस्थित रह सकते हैं। मतगणना के लिए अधिकारी और कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं।
