हर घर तिरंगा‘‘ अभियान की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई

सीधी धर्मेंद : आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत 11 से 17 अगस्त 2022 को स्वतंत्रता सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान देशवासियों को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करने, जनसामान्य में देश भक्ति की भावना जागृत करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के विषय में जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से ‘‘हर घर तिरंगा अभियान’’ संचालित किया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत स्वतंत्रता सप्ताह में प्रत्येक शासकीय भवनध्परिसर में राष्ट्रीय ध्वज को ससम्मान फहराया जाएगा। इसके साथ ही अशासकीय भवनों/परिसरों में लोगों को राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य हर भारतीय के मन में स्वतंत्रता संग्राम की समृति को रखना तथा देशभक्ति के साथ कृतज्ञता की भावना को बढ़ावा देना है। कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों की सहभागिता के साथ-साथ सामाजिक संगठनों तथा गणमान्य एवं प्रबुद्ध नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक होगा। उन्होने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गरीब एवं वंचित वर्गों को राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘‘ ईच वन गिफ्ट वन’’ का अभियान चलाया गया है। इसके माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति स्वयं के लिए राष्ट्रीय ध्वज लेने के साथ-साथ जरूरतमंद व्यक्ति को स्वेच्छा से राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर सकेगा। उन्होने कहा कि यह पूर्णतः स्वैच्छिक होगा। इस अभियान की सफलता में अग्रणी भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों तथा संस्थाओं को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जायेगा। प्रत्येक नागरिक को झण्डा संहिता का अनुपालन अनिवार्य होगा। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, समस्त उपखण्ड अधिकारी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहें।
