द्वितीय चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना एक जुलाई आज को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा मतदान

सीधी धर्मेंद : त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत द्वितीय चरण में विकासखण्ड रामपुर नैकिन एवं मझौली में दिनांक एक जुलाई 2022 को मतदान होगा। द्वितीय चरण में रामपुर नैकिन के 325 मतदान केंद्रों तथा मझौली के 193 मतदान केंद्रों में मतदान किया जायेगा। रामपुर नैकिन में 69 तथा मझौली में 53 सरपंच पदों के लिए मतदान किया जाएगा। इसके साथ ही रामपुर नैकिन में जिला पंचायत के 04 सदस्यों तथा जनपद पंचायत के 25 सदस्यों के लिए मतदान किया जाएगा। इसी प्रकार मझौली में जिला पंचायत के 03 सदस्य तथा जनपद पंचायत के 21 सदस्यों के लिए मतदान किया जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। मतों की गणना संबंधित विकासखण्ड मुख्यालय में 04 जुलाई 2022 को की जाएगी। 30 जून 2022 को मतदान दलों को उनके मतदान केन्द्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। सभी दल अपने मतदान केन्द्रों में पहुंच गए हैं। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए मतदान केन्द्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही सतत निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारी तथा जोनल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मुजीबुर्रहमान खान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा सामग्री वितरण की लगातार समीक्षा की गई। उन्होंने कड़े निर्देश दिए हैं कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं त्रुटि रहित निर्वाचन सम्पन्न करायें। कलेक्टर श्री खान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित किया गया है कि मतदान केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मतदान कार्य को बाधित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए।
