लापरवाह वाहन चालकों पर नकेल कसने की तैयारी, पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

सीधी धर्मेंद : रफ्तार के कहर और नशे के प्रभाव से दुर्घटनाओं को अंजाम देने वाले वाहन चालकों पर नकेल कसने की तैयारी सीधी पुलिस ने कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने बड़े मालवाहक, बस चालकों, संचालकों एवं ऑटो चालकों की बैठक लेकर उनके समस्या और सुझाव को प्राप्त करते हुए व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मालवाहक संचालकों एवं बस संचालकों सहित ऑटो चालकों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनी और उनका समाधान करने हेतु यातायात प्रभारी को निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक द्वारा वाहन संचालकों से वाहनों का मेंटेनेंस नियमित कराने ड्राइवरों पर निगरानी रखने और नशे में वाहन चलाने वाले तथा आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाले वाहन चालकों से वाहनों का संचालन ना करवाने हेतु निर्देश दिए।साथ ही बस संचालकों को बसों में सामने एवं पीछे सरल क्रमांक दर्ज करने हेतु कहा गया जिससे बसों की पहचान और आसान हो सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर में तेज गति से शहर भ्रमण करने वाले बाईकर्स पर कार्यवाही करने हेतु यातायात प्रभारी, कोतवाली प्रभारी और जमोडी प्रभारी को निर्देश दिए गए साथ ही तेज गति से और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए है।मीटिंग के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले ने वाहन चालकों को जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने हेतु प्रेरित किया उन्होंने कहा कि आप जब वाहन चला रहे होते हैं तो आप एक गार्जियन की भूमिका में होते हैं जो व्यक्ति आपके वाहन में बैठा है वह आप पर विश्वास कर आश्वस्त होता है कि उसका जीवन आपके हाथों में सुरक्षित है। उक्त महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले के अतिरिक्त थाना प्रभारी यातायात सूबेदार भागवत प्रसाद पाण्डेय, थाना जमोड़ी प्रभारी शेषमणि मिश्रा एवं थाना कोतवाली से सब इंस्पेक्टर राकेश सिंह सहित मालवाहक संचालक बस संचालक एवं ऑटो चालक संघ के पदाधिकारी व चालक गण उपस्थित रहे। सीधी जिले में दिन-प्रतिदिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को शराब पीकर एवं तेज गति से वाहन चलाने वाले वाहन चालकों पर सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। बस संचालकों को यातायात थाने को ड्राइवर की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
