जीवन की रक्षा के लिए यातायात नियमों कड़ाई से पालन कराना आवश्यक कहा सांसद श्रीमती पाठक ने

0 224
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : सांसद रीती पाठक की अध्यक्षता में तथा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि लोगों के जीवन की रक्षा के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराना आवश्यक है। हम प्रति वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में कई अपनों को खो देते हैं। इन दुर्घटनाओं एवं जन हानियों को रोकने के लिए आवश्यक है कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। सांसद ने दोपहिया वाहनों में हेलमेट लगाने तथा चार पहिया वाहनों में अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट लगाने का अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिले के विभिन्न मार्गों में जिला पुलिस द्वारा अनुशंसित 42 ब्लैक स्पॉट स्थानों पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात विभाग तथा सड़क निर्माण एजेंसियों को भ्रमण कर आवश्यक सुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे स्थानों में गति नियंत्रण के लिए अवरोधक लगाने, यातायात चिन्ह लगाने, मार्गों में आवश्यक सुधार करने तथा विजिबिलिटी को बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। गति नियंत्रण के लिए अवरोधक लगाने हेतु सांसद श्रीमती पाठक द्वारा 2 हजार स्टॉपर के लिए राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों में सीसीटीवी कैमरे तथा यातायात सिग्नल लगाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में नगरपालिका क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए सतत रूप से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। हाथ ठेला व्यापारियों को चिन्हित स्थानों में व्यवस्थित करने तथा यातायात को अवरुद्ध करने एवं निर्देशों का पालन नहीं करने पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके साथ ही बसों, ऑटो, भारी वाहनों के आकस्मिक जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों के ऑटो को पहचान के लिए उनमें विभिन्न रंगों की पट्टियां लगाने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित ऑटो अपने निर्धारित क्षेत्रों में ही चलाये जायेंगे। इसके साथ ही बस मालिकों को बस में किराया सूची चस्पा कराने तथा टिकट में बस के नंबर, दूरी तथा किराया आदि का स्पष्ट उल्लेख करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी कल्याणी पाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

News TOP Footer