प्रभारी मंत्री मीना सिंह ने किया नवनिर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन कुसमी का लोकार्पण

सीधी धर्मेंद : प्रदेश की जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री मीना सिंह द्वारा 546.17 लाख रुपये लागत से नवनिर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन कुसमी का लोकार्पण किया गया। प्रभारी मंत्री सुश्री सिंह ने उपस्थित अभिभावकों से अपील की है कि अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा अवश्य दिलाएं। शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है तथा वह स्वयं, समाज एवं देश की प्रगति में योगदान के लिए सक्षम हो जाता है। प्रभारी मंत्री सुश्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। गरीब एवं वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति तथा छात्रावासों की सुविधा उपलब्ध कराई जा जारी है। आदिवासी छात्र-छात्राओं के विकास के लिए आश्रम शालाओं एवं कन्या शिक्षा परिसरों की व्यवस्था की गई है। मेधावी छात्रों के लिए उच्च शिक्षा में निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गई है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इसके साथ ही मुख्यमंत्री जी द्वारा बेटियों को सम्मान दिलाने के लिए लाडली लक्ष्मी योजना का संचालन किया जा रहा है। आज बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। आज उनके माता -पिता चिंता मुक्त हो गए हैं। प्रदेश की बेटियों की शिक्षा और विवाह की सारी जिम्मेदारी सरकार ने ले ली है। आज प्रदेश में 42 लाख से अधिक लाडली लक्ष्मी बेटियां हैं। उन्हें 6वीं, 9वीं 11वीं तथा 12वी में प्रवेश पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। प्रभारी मंत्री सुश्री सिंह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में प्रदेश में अधोसंरचना के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए है। प्रदेश में सभी ओर सड़कों का जाल बिछाया गया है। यह हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी की सौगात है जिन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि आज सभी ग्राम बारहमासी सड़कों से जुड़ गए हैं। इसके साथ ही सिंचाई सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सभी गरीबों को पक्का आवास उपलब्ध कराने प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। अनियमितता को रोकने सीधे हितग्राहियों के खाते में राशि प्रदाय की जा रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी भाई बहनों को उनका हक वनाधिकार पट्टे के रूप में दिया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया है कि सभी पात्र व्यक्तियों को वनाधिकार पट्टे दिए जाएं, कोई भी पात्र हितग्राही अपने अधिकार से वंचित नहीं रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में गरीब परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए न केवल लोगों को स्थानीय स्तर पर मनरेगा के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। साथ ही प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से प्रति व्यक्ति प्रति माह 5 किलोग्राम अतिरिक्त खाद्यान्न निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। अध्यक्ष म.प्र. पर्यटन विकास निगम श्री विनोद गोंटिया ने कहा कि विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम के नेतृत्व में कुसमी क्षेत्र के अधोसंरचना के क्षेत्र में बहुत विकास हुआ है। विधायक द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए सतत रूप से प्रयास किये जाते हैं। उन्हीं के प्रयासों से कुसमी को महाविद्यालय की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है । इन योजनाओं का लाभ लें तथा बच्चों को अच्छी शिक्षा अवश्य दिलाएं। विधायक धौहनी श्री कुंवर सिंह टेकाम द्वारा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान को कुसमी को महाविद्यालय की सौगात देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया है। उन्होंने प्रभारी मंत्री से महाविद्यालय के लिए प्राध्यापक, नियमित स्टाफ तथा अन्य अधोसंरचना की मांग की है। इस अवसर पर अध्यक्ष म.प्र. पाठ्य पुस्तक निगम श्री शैलेन्द्र बरुआ, जनपद अध्यक्ष कुसमी श्रीमती हीराबाई सिंह, कलेक्टर श्री मुजीबुर्रहमान खान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत श्री राहुल धोटे, गणमान्य नागरिक श्री इंद्र शरण सिंह चैहान, गिरीश द्विवेदी, प्राचार्य संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय डॉ ए आर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संबंधित विभागीय अधिकारी, छात्र छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
