जिले में एक मई से तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य जारी, 50 हजार मानक बोरा तेंदू पत्ता का संग्रहण कार्य पूर्ण

सीधी धर्मेंद : वन मंडलाधिकारी क्षितिज कुमार ने बताया कि सीधी जिले में 51 लघु वन समितियों के माध्यम से 710 फड़ों में तेंदू पत्ता संग्रहण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शाख कर्तन का कार्य समय से पूर्ण करने और मौसम अनुकूल होने के कारण तेंदू पत्ता की गुणवत्ता अच्छी है। इसका लाभ सीधी जिले के 2 लाख 25 हजार से अधिक तेंदू पत्ता संग्राहकों को मिलेगा। श्री कुमार ने बताया कि सीधी जिले के लिए इस वर्ष एक लाख 10 हजार मानक बोरा तेंदू पत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित है, अभी तक 50 हजार मानक बोरा तेंदू पत्ता का संग्रहण का कार्य किया जा चुका है। इस वर्ष 38 करोड़ रुपए से अधिक राशि मजदूरी के रूप में प्रदाय किया जाना अनुमानित हैं। इस वर्ष शासन द्वारा एक गड्डी जिसमें 50 पत्ते उसकी कीमत तीन रूपये रखी गई है। तेंदू पत्ता संग्राहकों को तेंदू पत्ता के विक्रय के पश्चात बोनस की राशि भी प्रदाय की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष तेंदूपत्ता संग्रहण हेतु सभी समितियों में जाकर एवं तेंदूपत्ता मे लगे संग्राहकों से मिलकर अधिक से अधिक तेंदूपत्ता का संग्रहण हेतु प्रचार प्रसार कर वन मंडल के टारगेट से अधिक संग्रहण हेतु निर्देशित किया जा रहा है। इस वर्ष तेंदूपत्ता अच्छा तैयार हुआ है। इस वर्ष लक्ष्य से ज्यादा तेंदूपत्ता का संग्रहण करने का लक्ष्य है जिससे तेंदूपत्ता में लगे सभी संग्राहक को अधिक से अधिक लाभांश प्राप्त हो सके।
