कमिश्नर तथा एडीजीपी ने की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की कहा अधिकारी कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर समय मुस्तैद रहें

0 158
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 15 अप्रैल को कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी तथा एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव द्वारा आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने जिले में सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। आगामी समय में आने वाले त्यौहारों तथा बीते कुछ दिनों में प्रदेश में हुई घटनाओं के दृष्टिगत कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि हमें हर समय सतर्क और सजग रहने की आवश्यकता है। जिले में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हो तथा लोगों के बीच आपसी भाईचारा बना रहे, इसके लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों को आपसी सामंजस्य बनाकर कार्य करना चाहिए। कमिश्नर ने कहा कि थाने स्तर तक शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर संवाद एवं सामंजस्य स्थापित किया जाए। सामाजिक समरसता का वातावरण निर्मित करने के लिए शांति समिति के सदस्यों का सहयोग लिया जाए। कमिश्नर श्री सुचारी ने कोटवारों, ग्राम सुरक्षा समिति एवं शहरों की वार्ड सुरक्षा समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उक्त संस्थाओं के माध्यम से जिले में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में सतत निगरानी रखी जाए। इन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार क्रियाशील करें। कमिश्नर ने कहा कि इनकी सक्रियता से हमें त्वरित जानकारियां प्राप्त हो सकेंगी, जिससे स्थिति बिगड़ने के पूर्व ही उसे नियंत्रित किया जा सकेगा। कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि जिले की आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय माफियाओं के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही की जाए। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखें कि इससे गरीब एवं निर्दोष व्यक्तियों पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं पड़े। उन्होंने कहा कि निर्दोषों को संरक्षण मिले तथा अपराधियों को कठोर दंड मिले इस मंशा के साथ नियमों के अधीन कार्यवाहियां की जाएं। ऐसी कार्यवाहियों से जनता में सुरक्षा तथा पुलिस एवं प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ेगा। डीजीपी श्री राव ने अधिकारियों को पूर्व में घटित घटनाओं से सीख लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन को हर समय मुस्तैद रहने की आवश्यकता है। परिस्थितियों का सतत रूप से मूल्यांकन करते रहें तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। एडीजीपी ने कहा कि अपने सूचना तंत्र को प्रभावी एवं विश्वसनीय बनाएं। अपने क्षेत्र के संवेदनशील बसाहटों की पहचान कर उसके लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित करें। श्री राव ने कहा कि किसी भी राजनीतिक धार्मिक व सामाजिक जुलूस रैली को अनुमति देते समय पूर्वावलोकन अवश्य कर लें। रैली, जुलूस निकलने के पूर्व मॉकड्रिल कर अपनी तैयारियां सुनिश्चित कर लें। एडीजीपी श्री राव ने संवेदनशील स्थानों में ड्रोन के माध्यम से भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस एवं प्रशासन द्वारा स्थापित सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं लोगों को भी सीसीटीवी लगवाने के लिए प्रेरित करने को कहा है। कमिश्नर रीवा संभाग श्री सुचारी तथा एडीजीपी श्री राव ने सोशल मीडिया में प्रसारित सूचनाओं पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने, वैमनस्यता पैदा करने वाली फोटो, वीडियो, संदेशों आदि को प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए। डीआईजी मिथिलेश शुक्ल ने कहा कि आपराधिक घटनाओं में सदैव त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जाए। कार्यवाही करते समय नियमों के पालन का विशेष ध्यान रखा जाए। कोई भी ऐसी कार्यवाही नहीं करें जिससे पूरी प्रक्रिया ही दूषित हो जाए। उन्होंने कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपराधियों को दंडित करने पर जोर दिया है। कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा विगत माह में की गई कार्यवाही से अवगत कराते हुए बताया गया कि जिले की कानून एवं व्यवस्था की स्थिति में सतत निगरानी रखी जा रही है। आगामी त्यौहारों को सदभावना पूर्वक मनाए जाने हेतु शहर के प्रबुद्धजनों, धर्मगुरुओं एवं सम्मानित नागरिकों के साथ समय-समय पर चर्चा की गई है। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा आपसी समन्वय एवं सामंजस्य स्थापित किया जाकर अराजक तत्व, गुंडा, बदमाश पर विधिक कार्यवाही की गई है। माह अप्रैल 2022 में 660 व्यक्तियों के विरुद्ध बाउण्ड ओवर की कार्यवाही की गई है। माह अप्रैल में 8 भू-माफियाओं पर कार्यवाही करते हुए 4 हेक्टेयर से अधिक भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है जिसका बाजार मूल्य चार करोड़ 34 लाख रुपए से अधिक है। इसके साथ ही एक व्यक्ति के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही भी की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जिले में सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। गुंडे, बदमाशों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की निगरानी रखी जा रही है तथा उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले, समस्त उपखण्ड अधिकारी, एसडीओपी तथा थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

News TOP Footer