जिला स्तरीय स्टैण्डिंग कमेटी की बैठक आयोजित मतदाता सूची से मृत, स्थानान्तरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम विलोपित किए जाएंग

सीधी धर्मेंद : 13 अप्रैल को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुजीबुर्रहमान खान की अध्यक्षता में पंचायतों एवं नगरीय निकायों की फोटायुक्त मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए जिला स्तरीय स्टैण्डिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में 1 जनवरी 2022 की स्थिति में विधानसभा निर्वाचन हेतु प्रकाशित मतदाता सूची की तुलना में पंचायत एवं नगरीय निकायों की मतदाता सूची में 68 हजार 377 मतदाताओं की संख्या अधिक है। उक्त मतदाताओं का भौतिक सत्यापन उपरान्त विलोपन की कार्यवाही की जानी है। उन्होने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची अनुसार जिले में जनपद पंचायतों की जांच सूची में मतदाताओं की संख्या 60 हजार 366 तथा नगरीय निकायों में 8 हजार 11 है। जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में 14 हजार 504, सिहावल में 17 हजार 35, सीधी में 15 हजार 748, कुसमी में 4 हजार 192 तथा मझौली में 8 हजार 887 है। इसी प्रकार नगर परिषद मझौली की जांच सूची में एक हजार 985, रामपुर नैकिन में 730, चुरहट में एक हजार 259 तथा नगर पालिका सीधी में 4 हजार 37 मतदाता हैं। कलेक्टर श्री खान ने बताया कि जनपद पंचायतों के डुप्लीकेट सूची में मतदाताओं की संख्या 470 तथा नगरीय निकायों में 67 है। उक्त की जांच उपरान्त नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होने बताया कि ऐसे मतदान केन्द्र जिनमें मतदाताओं का लिंगानुपात जिले के लिंगानुपात कम है की सूची तैयार की जा रही है। ऐसे केन्द्रों में महिला मतदाताओं की संख्या कम होने के कारणों की जांच की जाएगी तथा अध्ययन उपरान्त महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समिति के सदस्यों से मतदाता सूची शुद्धीकरण के कार्य में सहयोग की अपील की गई है। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि सुरेश सिंह चैहान, सुन्दर सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजमणि साहू उपस्थित रहें।
