कलेक्टर ने सीधी एवं चुरहट में स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों का किया निरीक्षण

0 125
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान एवं अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय द्वारा नगरपालिका सीधी क्षेत्र के स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के विभिन्न मैदानी गतिविधियों एफ.एस.टी.पी. सेन्टर, एम.आर.एफ. सेन्टर, सी एण्ड डी सेन्टर, नया व पुराना बस स्टैण्ड एवं विभिन्न वार्डो में स्वच्छता के कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कलेक्टर द्वारा एफ.एस.टी.पी. चालू कराने व नालियों की नियमित सफाई, सड़को के दोनों तरफ गंदगी साफ कराने, बस स्टैण्ड के दुकानदारों को कचड़ा न करने हेतु पाबंद करने, पुराने बस स्टैण्ड के यूरिनल को ठीक कर टाइल्स लगवाने, खराब सड़कों का मरम्मत कार्य कराने एवं नए बस स्टैण्ड के समुचित साफ-सफाई पर ध्यान देने तथा एप्रोच रोड का कार्य तत्काल पूर्ण कराने तथा चलित शौंचालय के मरम्मत हेतु निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री खान द्वारा नवीन बस स्टैण्ड एवं पुराने बस स्टैण्ड के सुलभ काम्पलेक्स का भी निरीक्षण किया गया जिसमें मापदण्ड के अनुसार संसाधन उपलब्ध न होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की गई तथा तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। विकास भवन के पीछे कचरा एकत्रीकरण स्थल को परिवर्तित कर एफ.एस.टी.पी. स्थल पर एकत्रित कर बड़े वाहनों से पड़रिया प्रसंस्करण स्थल पर भेजने हेतु निर्देशित किया गया। मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास मद से गोपाल दास रोड सूखा नाला पर निर्माणाधीन पुलिया एवं एस.डी.आर.एफ. मद से निर्माणाधीन रिटेनिंग वाल का भी निरीक्षण किया गया तथा गुणवत्तायुक्त व समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने तथा तीसरे पक्ष के प्रमाणीकरण के उपरांत अंतिम देयक का भुगतान कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आने वाले समय में प्रत्येक सप्ताह प्रधानमंत्री आवास योजना, नल जल, स्वच्छ भारत मिशन का आकस्मिक निरीक्षण करने के संकेत दिए गए। इसके पश्चात कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर द्वारा नगर परिषद चुरहट का भी मैदानी निरीक्षण किया गया जिसमें सुलभ काम्पलेक्स की सफाई तथा रख-रखाव, एम.आर.एफ. सेन्टर पर अव्यवस्थित रूप से रखे गए कचरे को सही तरीके से रखने तथा आवागमन की सुविधा को सुगम बनाने तथा गुलबासपुर तालाब में उगे हुए अनुपयोगी घास को एक सप्ताह के भीतर हटाने तथा पार्क के सफाई तथा उसके मरम्मत के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान चुरहट में प्रशासक एवं उपखण्ड अधिकारी एस.पी.मिश्रा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीधी में मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमला कोल एवं बी.के. तिवारी, अशोक मिश्रा, नीलेश सिंह उपयंत्री नगर पालिका परिषद सीधी तथा चुरहट में विजय बहादुर सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

News TOP Footer