कमिश्नर रीवा संभाग ने किया उपखण्ड कार्यालय मझौली का निरीक्षण कहा राजस्व विभाग के मूल कार्यों को प्राथमिकता दें

0 116
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कमिश्नर रीवा संभाग श्री अनिल सुचारी द्वारा उपखण्ड कार्यालय मझौली का आकस्मिक निरीक्षण बुधवार को किया गया। उन्होंने राजस्व विभाग के मूल कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने कहा कि राजस्व अधिकारियों को अपने विभागीय कार्यों के साथ-साथ अन्य कई जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना होता है, लेकिन इससे विभाग के मूल कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी मझौली तथा तहसीलदार को निर्देशित किया है कि आगामी 15 दिवस में संबंधित न्यायालयों के निरीक्षण कर सभी प्रकरणों का भौतिक सत्यापन कर लें। दस्तावेजों के अभाव में लंबित प्रकरणों के दस्तावेज प्राथमिकता पर एकत्रित करें, अभिलेखागार से दस्तावेज प्राप्त करने हेतु नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार को पाबंद करें। कमिश्नर ने एक वर्ष से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करायें। कमिश्नर श्री सुचारी ने सभी राजस्व अधिकारियों को अधिक से अधिक क्षेत्र का भ्रमण करने तथा प्रत्येक माह दौरा डायरी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने कहा कि क्षेत्र के भ्रमण एवं हितग्राहियों से संवाद स्थापित करने से वास्तविक तथ्यों की जानकारी प्राप्त होती है तथा योजनाओं का सुचारू क्रियान्वयन संभव हो पाता है।श्री सुचारी ने कमिश्नर कार्यालय तथा वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों के लिए पृथक पंजी संधारित करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने कहा कि वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करें तथा की गई कार्यवाही से अनिवार्य रूप से अवगत करायें। उन्होंने कार्यालयों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा रिकार्डों के व्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए हैं। सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्देशित किया है कि शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण दर्ज करायें। उन्होंने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर कमिश्नर श्री सुचारी द्वारा उपखण्ड कार्यालय में उपस्थित आवेदकों की समस्याओं को भी सुना गया। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री मुजीबुर्रहमान खान तथा सीईओ जिला पंचायत श्री राहुल धोटे उपस्थित रहे।

News TOP Footer