फरवरी माह में प्राप्त लंबित शिकायतों को अभियान चलाकर करें निराकृत कहा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने

सीधी धर्मेंद : 28 फरवरी को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने सभी विभाग प्रमुखों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि अभियान चलाकर 20 मार्च 2022 तक माह फरवरी 2022 में प्राप्त शिकायतों को निराकृत किया जाए। संतुष्टिपूर्वक निराकरण का प्रतिशत 80 से अधिक हो, 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों, समाधान में चयनित विषयों से संबंधित शिकायतें तथा हितग्राही मुलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत किया जाए। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा सभी विभाग प्रमुखों को 300 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को अभियान चलाकर निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री खान द्वारा निर्देशित किया गया है कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में ही कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। बैठक में समस्त उपखण्ड अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
