स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में बेहतर परिणाम के लिए जनभागीदारी आवश्यक कहा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने

0 106
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 17 फरवरी को स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में बेहतर परिणाम के लिए तथा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान की अध्यक्षता मे सीधी शहर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर परिणाम के लिए लोगों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। सीधी शहर को स्वच्छ एवं सुंदर रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में विगत 05 वर्षो से प्रदेश के इंदौर, भोपाल जैसे शहरों को प्रदर्शन देश में उत्कृष्ट रहा है। वहां के निवासियों ने स्वच्छता को अपनी आदत मे सम्मिलित कर लिया है। सीधी शहर को भी अपनी एक अलग पहचान बनानी है जिससे लोगों की सहभागिता आवश्वक है। कलेक्टर ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन अपने सीमित संसाधनों के साथ शहर की साफ-सफाई रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस वर्ष में सुधार के लिए सदैव सकारात्मक सुझाव आमंत्रित हैं। कलेक्टर द्वारा उपस्थित गणमान्य नागरिकों से भी इस विषय में सुझाव प्राप्त किये गये तथा आवश्यक सुधार के लिए नगर पालिका प्रशासन को निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सभी वार्डों से कचड़ा उठाव की प्रक्रिया में आवश्यक सुधार किये जायें जिससे घर से ही सूखा एवं गीला कचड़ा पृथक-पृथक से प्राप्त किया जा सके। शहर के प्रमुख कचड़ा डम्पिंग स्थानों की पहचान कर उनकी सफाई करें तथा भविष्य में उन स्थानों में कचड़ा डंप नहीं हो ऐसी व्यवस्था बनाई जाये। कलेक्टर ने कहा कि नियमित सफाई के साथ-साथ क्रमबद्ध तरीके से सभी वार्डों में सफाई के लिए विशेष दल का गठन किया जाये। यह दल क्रमबद्ध तरीके से वार्डों की सफाई करेगा तथा सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए फीडबैक भी देगा। कलेक्टर ने व्यवसायिक क्षेत्र की नालियों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को कचरें के उचित निपटान के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा की स्थिति में कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सब्जी एवं फल विक्रय के लिए शहरों में स्थानों को चिन्हित किया जाए तथा उन्हें व्यवस्थित किया जाए। कलेक्टर द्वारा नल-जल मिशन कार्य के दौरान जो भी सड़कें खराब हुई हैं उन्हें आगामी एक सप्ताह में दुरूस्त करने के निर्देश दिए हैं अन्यथा की स्थिति में संबंधित संविदाकार के विरूद्ध कार्यवाही की जाए। कलेक्टर द्वारा शहर में बनाई गई नेकी की दीवार को व्यवस्थित करने तथा उनके संचालन के लिए लोगों की स्वैच्छिक सहयोग की अपील की गई है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी कमला कोल ने बताया कि वर्ष 2019 से सीधी शहर लगातार स्वच्छ सर्वेक्षण में भागीदारी कर रहा है तथा लगातार उनकी रैंकिंग में सुधार हो रहा है। 2021 में सीधी की रैकिंग 87 रही है। उन्होने स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न घटकों के विषय में बताया कि लोगों की स्वच्छता में भागीदारी ही इसका सबसे महत्वपूर्ण घटक है। उन्होने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में लोगों से सहभागिता की अपील की है। बैठक में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अंजू केशरी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक चन्द्रमोहन गुप्ता, धर्मेन्द्र शुक्ला, रमेश अग्रवानी, भोला प्रसाद गुप्ता, फादर जस्टिन, मो. अकरम, हजारीलाल गुप्ता, पूनम सोनी, अनीता चैरसिया, चन्द्रभान संतानी, रजनीश श्रीवास्तव, दिनेश गुप्ता, सुरेन्द्र गुप्ता, मो. इद्रीश, डा. मनोज सिंह सहित नगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहें।

News TOP Footer