सघन पोषण पखवाड़ा अभियान बच्चों के पोषण के प्रति परिवार एवं समुदाय को जागरूक करने की पहल

सीधी धर्मेंद : मध्यप्रदेश शासन द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार मुख्यमंत्री बाल आरोग्य सवर्धन कार्यक्रम अंतर्गत दिनाँक 15 फरवरी 2022 से 28 फरवरी 2022 की अवधि में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ‘‘सघन पोषण अभियान’’ का आयोजन किया जाना है। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों में बच्चों के पोषण के प्रति परिवार एवं समुदाय को जागरूक करना एवं स्वस्थ्य रहने के लिए परिवार एवं बच्चों में स्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया है। अभियान अंतर्गत प्रथम सप्ताह(15 से 22 फरवरी 2022) आंगनबाड़ी केंद्रों में ही प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक शून्य से 6 वर्ष के सभी बच्चों का शारीरिक माप लिया जाना है, शेष दिवसों में दोपहर 1 बजे के बाद से टोले/मजरे/कवर्ड क्षेत्र के छूटे हुए बच्चों की शारीरिक माप के लिए हितग्राहियों के घर-घर जाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा पोषण दस्तक दिया जाना है। मंगलवार को इस अभियान का शुभारंभ परियोजना सीधी1 सेक्टर नगरपालिका क्र.2 आंगनबाड़ी केंद्र वार्ड 21-1 में परियोजना अधिकारी डॉ. शेष नारायण मिश्रा द्वारा कन्या पूजन से किया गया। कार्यक्रम में हितग्राहियों को परियोजना अधिकारी द्वारा इस अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। पर्यवेक्षक प्रीति बोपचे द्वारा पौष्टिक तत्वों की जानकारी दी गई। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किरण सिंह ने स्वच्छता के विषय में हितग्राहियों की समझाइश दी। कार्यक्रम में हितग्राही शिला पनिका, साधना दुबे, सीता गुप्ता, सुमन केवट, मीनू जायसवाल, मातृ सहयोगनी सारिका सिंह चैहान उपस्थित रही।
