300 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का अभियान चलाकर निराकरण करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

0 110
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 31 जनवरी को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने सभी विभाग प्रमुखों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। 300 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को उक्त शिकायतों की स्वयं निगरानी करने तथा समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के पूर्व 300 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को निरंक करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि विगत तीन माह में शिकायतों के निराकरण की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। हमें इसमें लगातार सुधार करने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि अभियान चलाकर 20 फरवरी 2022 तक जनवरी 2022 में प्राप्त शिकायतों को निराकृत किया जाए। संतुष्टिपूर्वक निराकरण का प्रतिशत 90 से अधिक हो, 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों, समाधान में चयनित विषयों से संबंधित शिकायतें तथा हितग्राही मुलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत किया जाए। कलेक्टर श्री खान ने कड़े निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों में निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नॉन अटेंडेड और निम्न गुणवत्ता से निराकरण पर जीरो टॉलरेंस अपनाने के लिए कहा है। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि यद्यपि जिले के चिकित्सक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग हैं और कोरोना के इस संकट में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में तत्पर है, फिर भी कई बार चिकित्सकों के कर्तव्य से अनुपस्थित रहने की शिकायतें प्राप्त होती हैं। कलेक्टर ने कहा कि इस व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की समय पर उपस्थित सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो डॉक्टरों की उपस्थिति के संबंध में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। इसके साथ ही सभी विभाग प्रमुखों को समय-सीमा पत्रों के संबंध में अद्यतन जानकारी प्रत्येक सप्ताह दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय, समस्त उपखण्ड अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।

News TOP Footer