ग्राम देवघटा में हुआ विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन

सीधी धर्मेंद : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अमिताभ मिश्र के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ग्राम देवघटा में विधिक साक्षरता तथा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जानकारी देते हुये विधिक सहायता अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से ऐसे सभी व्यक्तियों को जिनकी वार्षिक आय 2 लाख रूपये या उससे कम है या जो कस्टडी में है या अनुसूचित जाति अथवा जनजाति वर्ग के है या महिला है या 18 वर्ष से कम उम्र के बालक है, उन्हें उनके न्यायिक प्रकरण में पैरवी हेतु, निःशुल्क विधिक सहायता योजना के अंतर्गत अधिवक्ता की सहायता दी जाती है। अमित शर्मा ने जानकारी देते हुये बताया कि आगामी 12 मार्च को वर्ष 2022 की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जावेगा जिसमें समस्त प्रकार के राजीनामा योग्य आपराधिक, सिविल, पारिवारिक, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना क्लेम, विद्युत विभाग आदि प्रकरणें का निराकरण किया जायेगा। नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों का निराकरण कराने पर संपूर्ण कोर्ट फीस की वापसी हो जाती है जिससे राजीनामा करने वाले पक्षकारों को अनावश्यक आर्थिक हानि से बचत होती है। शिविर में ग्राम देवघटा की सरपंच सविता सिंह, पैरालीगल वाॅलेंटियर श्रुतिकीर्ति सिंह, ग्राम रोजगार सहायक प्रतिष्ठा सिंह, अशोक सिंह, बसंत सिंह, अनुराधा सिंह, सहित स्थानीय ग्रामीणजन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्तायें उपस्थित रहे।
