सांसद सहित क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

सीधी धर्मेंद : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के निर्देशानुसार सांसद श्रीमती रीती पाठक तथा कलेक्टर श्री मुजीबुर्रहमान खान सहित जिला स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों द्वारा कोविड संक्रमण की तीसरी लहर से सुरक्षा के लिए जिला चिकित्सालय में की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। समिति के सदस्यों द्वारा पीआईसीयू, एचडीसीयू, आईसीयू वार्डों, कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, फीवर क्लीनिक, सीटी स्कैन सेंटर, स्टोर रूम आदि का निरीक्षण अवलोकन किया गया। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के केसों में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। सीधी जिले में भी कोरोना संक्रमण के नए मामले मिल रहे हैं और यह अनुमान है कि केसों में और अधिक वृद्धि भी होगी। सांसद ने कहा कि कोविड संक्रमण की पहली लहर से केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। सीधी जिला चिकित्सालय को दो ऑक्सीजन प्लाण्ट, सीटी स्कैन मशीन सहित अन्य संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि इन संसाधनों का उचित रख रखाव किया जाए तथा लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाए। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि आगामी एक माह के लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखें। कलेक्टर श्री खान ने कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के सुचारू संचालन के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि होम आइसोलेशन के सभी मरीजों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी रखी जाए। उनसे सतत रूप से संपर्क स्थापित किया जाए तथा आवश्यकता महसूस होने पर उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जाए। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ आई जे गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ एस बी खरे सहित क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य श्री सुरेश सिंह चैहान, श्री रमेश अग्रहरी, श्री कमल कामदार, डॉ. अनूप मिश्रा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
