टीकाकरण विशेष महाअभियान अंतर्गत गुरुवार को 25 हजार से अधिक व्यक्तियों को लगा कोरोना का टीका

सीधी धर्मेंद : 16 दिसम्बर को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए प्रदेश सहित जिले में कोरोना वैक्सीनेशन का विशेष महा-अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के प्रभावी रोकथाम तथा जीवन रक्षा के लिए सबसे सुरक्षित एवं कारगर उपाय कोविड वैक्सिनेशन है। शासन द्वारा अभियान चलाकर 18 वर्ष से अधिक के सभी व्यक्तियों को कोरोना सुरक्षा कवच प्रदान करने का अभियान चलाया गया है। कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान के निर्देशन में जिले में कोविड वैक्सिनेशन महाअभियान चलाया जा रहा है, जिसमें प्राथमिकता पर कोविड वैक्सीन के द्वितीय डोज लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही टीकाकरण से वंचित लोगों का सर्वे कर उन्हें समझाईस देकर टीकाकरण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री खान द्वारा टीकाकरण को गति देने एवं ड्यू लिस्ट के आधार पर सभी पात्र व्यक्तियों के शत प्रतिशत टीकाकरण के लिए जिला अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। गुरुवार को सभी नोडल अधिकारियों द्वारा सतत रूप से टीकाकरण सत्रों की निगरानी की गई जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। महाअभियान अंतर्गत गुरुवार को जिले में 218 वेक्सीन सेंटर पर टीकाकरण हुआ तथा प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 25 हजार से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। उल्लेखनीय है कि शेष लक्षित व्यक्तियों को टीकाकृत करने के लिए ग्राम पंचायत वार कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके अनुसार लोगों की सुविधा को देखते हुए उनके गांव के समीप ही टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। द्वितीय डोज को ध्यान में रखकर सत्रों को निर्धारित किया जा रहा है, अभी भी जिले में द्वितीय डोज के लिए 40 हजार लोग ड्यू हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ नागेन्द्र बिहारी दुबे ने बताया कि जिले में 16 दिसंबर 2021 की स्थिति में भारत सरकार के कोविन पोर्टल पर एंट्री के अनुसार अब तक 12 लाख 78 हजार से अधिक डोज लगाये जा चुके हैं। 6 लाख 98 हजार व्यक्तियों को प्रथम डोज तथा 5 लाख 80 हजार से अधिक लोगों को दोनों डोज लगाए जा चुके हैं।
