सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में गति लाने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : 13 दिसम्बर को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा अभियान चलाकर शिकायतों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतें जिले में योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति को दर्शाता है। इनकी समीक्षा से हमें क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों एवं कमियों के विषय में जानकारी प्राप्त होती है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को शिकायतों की विस्तृत समीक्षा कर कमियों को चिन्हांकित करने तथा उनमें आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि इससे योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलेगी, शिकायतों की संख्या में कमी आएगी तथा जिले के नागरिकों की संतुष्टि का स्तर भी बढ़ेगा। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के लंबित रहने से जिले की प्रगति प्रभावित हो रही है। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि 20 दिसंबर के पूर्व अभियान चलाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि कोई भी शिकायत निराकरण दर्ज किए बिना दूसरे स्तर पर नहीं जानी चाहिए। उन्होंने समाधान ऑनलाईन में चयनित विषयों, 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों, जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। समाधान में चयनित विषयों से संबंधित ऐसी शिकायतें जिन्हें फोर्स क्लोज किया गया है, का पुनर्परीक्षण कर उनका संतुष्टिकारक निराकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लें और उनके निराकरण के प्रयास करें। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के आधार पर विभागों की ग्रेडिंग की जाएगी। अधिकारियों का गोपनीय प्रतिवेदन लिखते समय विभाग की ग्रेडिंग एक महत्वपूर्ण घटक होगा। कलेक्टर श्री खान ने सभी पदाभिहित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाय। नागरिकों को सेवाएं निर्धारित समयावधि में प्रदाय करना सुनिश्चित करें। सेवाएं प्रदान करने में अनावश्यक विलंब करने पर सभी संबंधितों को प्रावधानों के अनुसार जुर्माने से दंडित करने की कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन वर्ष 2021-22 हेतु कार्यक्रम प्रसारित किये गये हैं। निर्वाचन कार्यक्रम घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतध्निर्वाचन क्षेत्रध्वार्ड के क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि तक प्रभावशील रहेगी। कलेक्टर ने कहा कि शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। इन सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी सावधानी एवं निष्ठा से करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि उक्त निर्वाचन कार्य को दृष्टिगत रखते हुए समस्त अधिकारियोंध्कर्मचारियों के अवकाश एवं मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया है। विशेष परिस्थितियों में उनके द्वारा अनुमति प्राप्त किये जाने के पश्चात ही कार्यालय प्रमुख अवकाश एवं मुख्यालय छोड़ने की स्वीकृत प्रदान कर सकेंगे। उन्होंने निर्देशित किया है कि निर्वाचन कार्य ने किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। कलेक्टर ने कहा कि उन्हीं प्रकरणों में समय-सीमा दर्ज किया जाता है जिनमें त्वरित कार्यवाही की आवश्यकता होती है। ऐसे प्रकरणों को अनावश्यक लंबित नहीं रखना चाहिए। इनका परीक्षण पूरी गंभीरता से किए जाने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि पूर्व से लंबित सभी समय-सीमा पत्रों का परीक्षण कर लें। जिनमे कार्यवाही पूर्ण हो गई है, उसे सूची से विलोपित कराये तथा लंबित प्रकरणों के संबंध में की गई कार्यवाहियों की अद्यतन जानकारी से अवगत कराया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा पत्रों की विस्तृत समीक्षा विभागवार की जावेगी। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि कोविड संक्रमण का खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है, इसलिए पूरी सतर्कता और सावधानी बरतें। अपने कार्यालयों में कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करायें। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख अपने कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगाया जाना सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने टीकाकरण महाअभियान में सभी विभागों से सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। टीकाकरण केन्द्रों का भ्रमण करने तथा लोगों को प्रेरित कर टीके की दोनों डोज लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय, समस्त उपखण्ड अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
