कलेक्टर ने किया टीकाकरण केन्द्रों का भ्रमण कोविड़ संक्रमण से जीवन की रक्षा करेगी वैक्सीन कहा कलेक्टर मुजीबुर्र रहमान खान ने

सीधी धर्मेंद : कोविड़ की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए नागरिकों के जीवन की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 18 वर्ष से अधिक के प्रत्येक नागरिक को कोरोनारोधी वैक्सीन के दोनों डोज निःशुल्क लगाने की अभियान चलाया जा रहा है। सीधी जिले में कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान के निर्देशन में अभियान चलाकर लोगों को टीकाकृत करने की कार्यवाही की जा रही हैं। एक दिसम्बर को आयोजित टीकाकरण महाअभियान में कलेक्टर द्वारा टीकाकरण केन्द्रों गाॅधी ग्राम, बरम्बाबा, डोल कोठार एवं कोचिला को आकस्मिक भ्रमण कर टीकाकरण के स्थिति की समीक्षा की गई। टीकाकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर द्वारा उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ड्यू लिस्ट के आधार पर लोगों को सूचित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करें। टीकाकरण महाअभियान में किसी भी प्रकार की उदासीनता एवं लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना का संकट अभी पूरी तरह से टला नहीं है। प्रदेश के बड़े शहरों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। ऐसे में अगर हमने सावधानी और सतर्कता नहीं बरती तो जिले में भी संक्रमण का खतरा रहेगा। कोरोना से जीवन रक्षा का सबसे उपयुक्त उपाय कोरोनारोधी वैक्सीन ही है। कलेक्टर ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों को निर्धारित समयान्तराल में वैक्सीन की दोनो डोज लगने से सुरक्षा कवच बनेगा। यह हम सभी के प्राणों की रक्षा करेगा। वैक्सीन के लगने से शरीर में प्रतिरोधी क्षमता का विकास होता है जो संक्रमण के दुष्प्रभावों को कम कर देता है। यदि हमें संक्रमण होता भी है तो यह हमारे जीवन की रक्षा करेगा। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कोविड़ वैक्सीनेशन कार्य को प्राथमिकता दें तथा दिसम्बर माह में ही सभी पात्रों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि समीक्षा में जिस भी स्तर पर लापारवाही पाई जाएगी तो संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री खान ने जिलेवासियों से अपील की है कि आयोजित हो रहे इस वैक्सीन महाअभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करें और जिले में शत प्रतिशत टीकाकरण कराकर इसे कोविड संक्रमण के विरुद्ध सुरक्षा चक्र प्रदान करें। कलेक्टर ने जिले के जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों, स्वयं सेवी संगठनों, गणमान्य तथा प्रबुद्ध नागरिकों एवं मीडिया के प्रतिनिधियों से टीकाकरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
