सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता से करें कहा कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने

सीधी धर्मेंद : 22 नवम्बर को कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ करें। कलेक्टर ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन मानवीय दृष्टिकोण के साथ किया जाए। सभी पात्र हितग्राहियों को सहजता के साथ योजनाओं का लाभ मिले। सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में जिले की स्थिति बेहतर हो इस दिशा में प्रयास किए जाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर द्वारा समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए गए हैं। कलेक्टर श्री खान द्वारा सभी विभाग प्रमुखों को शासन द्वारा वर्ष के लिए निर्धारित विभागीय एवं वित्तीय लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए कार्य में प्रगति लाएं। अधिकतर लक्ष्यों के लिए इस वर्ष के अंत तक ही प्राप्ति के प्रयास करें। कलेक्टर ने अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर एक टीम की तरह कार्य करने के लिए कहा है। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि समय-सीमा दर्ज प्रकरणों, निर्देशों, शिकायतों पर अपेक्षित कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में की जाए। कलेक्टर ने कहा कि उन्हीं प्रकरणों में समय-सीमा दर्ज किया जाता है जिनमें त्वरित कार्यवाही की आवश्यकता होती है। ऐसे प्रकरणों को अनावश्यक लंबित नहीं रखना चाहिए। इनका परीक्षण पूरी गंभीरता से किए जाने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि पूर्व से लंबित सभी समय-सीमा पत्रों का परीक्षण कर लें। जिनमे कार्यवाही पूर्ण हो गई है, उसे सूची से विलोपित कराये तथा लंबित प्रकरणों के संबंध में की गई कार्यवाहियों की अद्यतन जानकारी से अवगत कराया जाना सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री खान ने शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक निराकरण के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के लंबित रहने से जिले की प्रगति प्रभावित हो रही है। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि आगामी दो सप्ताह में अभियान चलाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि आगामी दो सप्ताह तक विभागवार शिकायतों के निराकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को ई-दक्ष केंद्र में उपस्थित रहकर शिकायतों का निराकरण करना होगा। कलेक्टर ने सभी विभागों विशेषकर अग्रणी जिला प्रबंधक, लोक स्वास्थ्य, जिला चिकित्सालय एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि कोई भी शिकायत निराकरण दर्ज किए बिना दूसरे स्तर पर नहीं जानी चाहिए। कलेक्टर द्वारा आगामी एक सप्ताह में शासकीय विभागों में कार्यरत सभी अधिकारियों कर्मचारियों को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगने के उपरांत ही माह नवंबर का वेतन आहरण किया जा सकेगा। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा जिले की ड्यू लिस्ट के आधार पर सभी पात्रों को को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर द्वारा बिना पूर्व सूचना के टीएल बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को कारण बताओं सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि आगामी समय में बैठकों से बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास, मझौली सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
