जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 89 आवेदकों की समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : 2 नवम्बर को जनसुनवाई में कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा 89 आवेदकों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक जिला पंचायत सभागार में सीधी जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। आज आयोजित जनसुनवाई में समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़े रहे। कलेक्टर श्री खान द्वारा संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की गई तथा उसके निराकरण के लिए निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री खान ने जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा लोगों की समस्या के त्वरित निराकरण करने की मंशा से जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसे पूरी गंभीरता से लें तथा प्राप्त समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करायें। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि जनसुनवाई में समस्याएं केवल अपवाद स्वरूप ही आनी चाहिए। इसके लिए हितग्राहीमूलक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाय। मैदानी स्तर पर सभी पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ सहज रूप से दिलाया जाना सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि लोगों की सामान्य समस्याओं का निराकरण ग्राम पंचायत, तहसील और नगरीय निकाय के स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, उन्हें अपनी छोटी -छोटी एवं जायज कार्यों के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास श्रेयस गोखले, डिप्टी कलेक्टर आनंद सिंह राजावत सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
