दशहरा और मूर्ति विसर्जन आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

सीधी धर्मेंद : 14 अक्टूबर को कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान तथा पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण कर दशहरा आयोजन स्थल पर किए जाने वाले व्यवस्थाओं का निरीक्षण अवलोकन किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा पर्व का आयोजन व रावण दहन कार्यक्रम छत्रसाल स्टेडियम सीधी में आयोजित किया गया है। आयोजन के दृष्टिगत किए जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में पूर्वानुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संभावित दुर्घटनाओं के दृष्टिगत सभी सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। इसके साथ ही कोविड संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक गायत्री तिवारी, तहसीलदार सौरभ मिश्रा, टीआई कोतवाली हितेंद्रनाथ शर्मा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी कमला कोल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।—-कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान तथा पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत द्वारा मूर्ति विसर्जन हेतु चिन्हित स्थलों सोन नदी गऊ घाट तथा कोल्दहा घाट चुरहट पर किए जाने वाले प्रबंधों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण अवलोकन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले, संबंधित एसडीएम, एसडीओपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने विसर्जन कुण्ड के समीप सुरक्षा के दृष्टिकोण से किए जाने वाले प्रबंधो के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विसर्जन स्थल के समीप जेसीबी मशीन, गोताखोर, चिकित्सीय दल के साथ-साथ प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार से अवरोध उत्पन्न ना हो, इसका विशेष ध्यान देते हुए मूर्तियों का विसर्जन स्थल तक पहुंचने के रूटचार्ट के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले वासियों को दशहरे के पर्व की शुभकामनाएं दी गई हैं। साथ ही अपील की गई है कि कोविड संक्रमण के बचाव तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के दृष्टिगत प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, इन व्यवस्थाओं में सहयोग करें तथा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में त्यौहारों का मनाएं। उन्होंने विसर्जन स्थल पर कम उम्र के बच्चों को नहीं ले जाने की अपील की है।
