हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ करें निराकृत कहा कलेक्टर श्री खान ने

सीधी धर्मेंद : सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने हितग्राही मूलक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि इन शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत कर हितग्राही को पात्रतानुसार लाभ दिलाया जाना हमारी जिम्मेदारी है। ऐसी शिकायतों में विभाग प्रमुख स्वयं पहल कर यदि कोई प्रक्रियागत कामियां है तो उन्हें दूर करें और हितग्राही को लाभ दिलाएं। कलेक्टर श्री खान ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन इस प्रकार किया जाए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित रहे। इन योजनाओं से संबंधित शिकायतों के अध्ययन से योजना के क्रियान्वयन की वस्तुस्थिति का पता चलता है। कलेक्टर ने आगामी एक सप्ताह में अभियान चलाकर शिकायतों के निराकृत करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि आगामी सप्ताह से सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की विभागवार विस्तृत समीक्षा की जाएगी। अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने तथा निराकरण में उदासीनता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एल-1 एवं एल-2 अधिकारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री खान ने समाधान आॅनलाईन कार्यक्रम में चयनित विषयों तथा 300 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही उन्होंने एल-3 तथा एल-4 की शिकायतों का पुनर्परीक्षण करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का परीक्षण कर माॅग आधारित शिकायतों तथा अन्य शिकायतों को पृथक कर लें। ऐसी शिकायतें जिनका निराकरण वर्तमान योजनाओं और नियमों के अंतर्गत संभव हैं उन्हें अनावश्यक लंबित नहीं रखा जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि कोई भी शिकायत बिना निराकरण दर्ज किए अगले स्तर पर नहीं जानी चाहिए। इसके साथ ही कलेक्टर श्री खान द्वारा कलेक्टर कमिश्नर कांफ्रेस से संबंधित अद्यतन जानकारी 08 अक्टूबर 2021 तक कलेक्टर कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे ने सभी विभाग प्रमुखों को वर्तमान में शासन द्वारा संचलित जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी एक सप्ताह में प्रदान करने के निर्देश दिए है। श्री धोटे ने कहा कि लोगों तक शासन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए यह एक प्रयास है। सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिले तथा पात्रता की शर्ते व लाभ का स्वरूप भी वर्णित रहे। इससे आमजनों को योजना का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होगी। बैठक में उपखण्ड अधिकारियों सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
