कांग्रेस पार्टी ने नगर पालिका का घेराव कर सौंपा ज्ञापन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन

0 439
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : नगर पालिका क्षेत्र सीधी के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में व्यापक पैमाने पर व्याप्त जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी सीधी द्वारा जिला अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह बाबा के अगुवाई में नगर पालिका सीधी का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर 20 सूत्रीय ज्ञापन भी जिला प्रशासन को सौंपा गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह बाबा के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्व निर्धारित आंदोलन आज पार्किंग स्थल गांधी चौराहा में प्रारंभ हुआ जहां पर विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं पार्टी पदाधिकारियों द्वारा  नगर पालिका प्रशासन की अनियमितता एवं भ्रष्टाचार पर जमकर प्रहार किया गया वही प्रदेश की गरीब विरोधी एवं लोकतंत्र विरोधी भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला गया। हजारों की संख्या में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ता एवं नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के निवासी कांग्रेस का झंडा बैनर लेकर नगर पालिका प्रशासन एवं शिवराज सिंह सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांधी चौक कार्यक्रम स्थल से नगर पालिका कार्यालय पहुंच कर नगर पालिका परिसर में प्रवेश कर धरने पर बैठ गए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह बाबा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब से प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या करके भारतीय जनता पार्टी की शिवराज सिंह के नेतृत्व में सरकार बनी है तब से गरीबों एमहिलाओं एवं हरिजन आदिवासियों पर अत्याचार शोषण एवं अपराधिक घटनाएं बढ़ गई है ।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में यही प्रशासन गरीबों की बातें सुनता था ।शहर की साफ सफाई सहित निर्माण कार्य बड़ी तेजी से चल रहे थे। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई ।अधिकारी कर्मचारी निरंकुश होकर जानता के हितो की अनदेखी करने लगे। प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से बेलगाम हो गई ।अधिकारी कर्मचारी सत्ताधारी दल के नेताओं के आगे पीछे चक्कर लगाने लगे‌। नगर पालिका क्षेत्र की समस्याओं पर नगर पालिका प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के कारण आज समूचे 24 वार्डों में समस्याओं का अंबार लग गया है। नाली की साफ.सफाई बरसात में पीने की पानी की समस्या के साथ ही तमाम रोड नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं शहर वासियों को नहीं मिल पा रही हैं । बड़ी मात्रा में गरीबों का खाद्यान्न पर्ची से नाम काटा जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा राशन कार्ड खाद्यान्न पर्ची वितरित करवा रहा है जो पूरी तरह से असंवैधानिक अनुचित है। उन्होंने कहा कि कई बार नगर पालिका क्षेत्र की समस्याओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराया गया था लेकिन कोई निराकरण न होने के कारण आज जिले की जनता आंदोलन करने को विवश हो गई है। धरना को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री ज्ञान सिंह चौहान ने कहा कि आज नगर पालिका क्षेत्र सीधी की जो दुर्दशा है उसकी जिम्मेदार नगर पालिका प्रशासन एवं जिला प्रशासन के साथ.साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार भी है ।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नगरी निकाय को वसूली एवं लूट का अखाड़ा बना दिया है ‌।इसीलिए बरसों बीत जाने के बाद भी नगरी निकाय के चुनाव नहीं करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रशासक बैठाकर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अधिकार छीन रही है ।उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय में निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता से चुनकर आते हैं तो जनता के प्रति उनकी जवाबदेही रहती है लेकिन भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक तरीके से नगरी निकाय पर कब्जा करके जनता के टैक्स पर डाका डाल रही है। प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह ने कहा कि यदि 1 हफ्ते के अंदर नगर पालिका क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी वृहद आंदोलन करेगी जिसकी जवाबदारी नगर पालिका एवं जिला प्रशासन की होगी।  आंदोलन को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष लाल चंद गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आनंद सिंह चौहान , महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष बसंती देवी कोल, संदीप उपाध्याय दादू, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष बिक्रम सिंह कमल कामदार  बृजेंद्र मणि अवधिया, ने भी सम्बोधित किया और अपनी प्रतिक्रिया दी।  ज्ञापन सौपने के बाद  मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री ज्ञान सिंह चौहान ने एन टीवी इंडिया न्यूज़ को जनता की समस्याओ की जानकारी दी।

News TOP Footer