जिला पंचायत के प्रशासकीय समिति के प्रधान अभ्युदय सिंह ने लगवाया कोरोना का टीका

सीधी धर्मेंद : वेक्सीनेशन महाअभियान के तहत जिले में निरंतर टीकाकरण कार्य जारी है। वेक्सीन सेंटर पर आमजनों की भीड़ और उत्साह को देखते हुए जिले में वेक्सीन उपलब्धता अनुसार भेजी जा रही है। बुधवार को जिले में 39 वेक्सीन सेंटर पर टीकाकरण हुआ तथा प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 6 हजार से अधिक व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। कुछ केन्द्रों में देर शाम तक टीकाकरण जारी था। जिला पंचायत के प्रशासकीय समिति के प्रधान अभ्युदय सिंह ने मड़वास स्थित टीकाकरण केंद्र में पहुंच कर कोरोना का टीका लगवाया। उन्होंने लोगों से भी कोविड वैक्सिनेशन कराने की अपील की है। श्री सिंह ने कहा कि कोरोना से जीवन रक्षा का सबसे सुरक्षित और कारगर उपाय कोरोना वैक्सीन ही है। यह आपके जीवन को सुरक्षा कवच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित और कारगर है। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। आप अपने नजदीकी टीकाकरण केन्द्रों में जाकर स्वयं एवं अपने परिजनों को कोरोना का टीका अवश्य लगवाएं। यह कोरोना की संभावित तीसरी लहर से हम सभी के जीवन रक्षा में सहयोगी बनेगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी एल मिश्रा, जनपद सदस्य छोटू पयासी उपस्थित रहे। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि जिले में 28 जुलाई 2021 की स्थिति में भारत सरकार के कोविन पोर्टल पर एंट्री के अनुसार अब तक तीन लाख 32 हजार से अधिक डोज लगाये जा चुके है। दो लाख 94 हजार व्यक्तियों को प्रथम डोज तथा 38 हजार से अधिक लोगों को दोनों डोज लगाए जा चुके हैं।
