अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस का हुआ आयोजन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को दिलाए लाभ कहा सांसद श्रीमती पाठक ने

सीधी धर्मेंद : सांसद रीती पाठक ने कहा कि सहकारिता आंदोलन का उदय समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए हुआ है। समाज एक जुट होकर समाज के अंतिम पंक्ति के खड़े लोगों के उत्थान के लिए काम करे, जिससे पूरा समाज एक साथ विकास की धारा से जुड़े। सांसद श्रीमती पाठक अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर भोपाल से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि सीधी जिले में सहकारिता आंदोलन के अपेक्षित सकारात्मक परिणाम नहीं मिले हैं। हमें आत्मावलोकन कर अपनी कमियों को पहचानना है, उसे दूर कर समाज के अंतिम छोड़ में खड़े लोगों के उत्थान के लिए काम करना है। सांसद ने कहा कि ये हमारे लिए एक चुनौती है, जिसके लिए हम सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम सभी ने मिलकर कोविड संक्रमण की चुनौती को स्वीकार किया है और जिले को कोविड संक्रमण से मुक्त करने के लिए सामूहिक प्रयास किया है, उसी प्रकार हमें सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों का भी डटकर मुकाबला करना है और सहकारिता के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए प्रयास करना होगा। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों का आह्वान किया कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें, जिससे समाज के कमजोर वर्गों का और इसके साथ ही पूरे समाज का विकास हो सके। कलेक्टर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के प्रशासक रवींद्र कुमार चैधरी ने कहा कि जिले की सहकारी बैंक का एनपीए 80 प्रतिशत से भी अधिक है, जो एक चिंता का विषय है। हमें आत्मावलोकन कर अपनी कमियों को पहचानने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि हम सहकारिता के उद्देश्यों को समझेंगे तभी उन उद्देश्यों की प्राप्ति कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह भी सहकारिता के उद्देश्यों के आधार पर ही कार्य करते हैं। उन्होंने विगत कुछ वर्षों में यह स्थापित किया है कि किस प्रकार छोटे छोटे प्रयासों से सफलता पायी जा सकती है। हमें भी अपनी क्षमताओं को पहचान कर सकारात्मक परिणाम के लिए प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर गणमान्य नागरिकों गुरुदत्त शरण शुक्ल तथा चंद्रशेखर शुक्ल द्वारा सहकारिता के उद्देश्यों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए गए। उन्होंने सहकारिता विभाग में व्याप्त कमियों को इंगित करते हुए कहा कि यदि हम इन्हें दूर करने में सफल हुए तभी हम सहकारिता के उद्देश्यों को प्राप्त करने में सक्षम होंगे। कुछ व्यक्तियों के निजी स्वार्थों के कारण सहकारिता आंदोलन के सकारात्मक परिणाम नहीं मिलें हैं। हमें उन बिंदुओं में सुधार कर समाज के कमजोर वर्गों के हितार्थ कार्य करने की आवश्यकता है इस अवसर पर सांसद श्रीमती पाठक, कलेक्टर श्री चैधरी सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सीधी के परिसर में फलदार तथा छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
