25 जून तक स्थापित हो जाएगा जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लाण्ट

सीधी धर्मेंद : गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा जिला चिकित्सालय में 833 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन आपूर्ति क्षमता के प्लाण्ट की स्थापना की जा रही है। मुख्य महाप्रबन्धक (मानव संसाधन) धीरेन्द्र कुमार जैन द्वारा बताया गया कि सीधी जिले में प्लाण्ट स्थापित करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है तथा प्लांट के आवश्यक हिस्सों को क्रमबद्ध तरीके से सीधी पहुंचाया जा रहा है। प्लाण्ट के अधिकांश हिस्सों की आपूर्ति विदेशों से की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीधी जिले में प्लाण्ट स्थापना की कार्यवाही 25 जून 2021 तक संभावित है। उल्लेखनीय है कि गेल (इंडिया) लिमिटेड, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में महारत्न का दर्जा रखने वाला एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है। गेल पीएसए आधारित ऑक्सीजन संयंत्र की आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है। संयंत्र की क्षमता 833 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन आपूर्ति होगी। गेल ने मैसर्स गैसटेक इंजीनियरिंग (प्रा.) लिमिटेड, नई दिल्ली को जिला अस्पताल सीधी को ऑक्सीजन संयंत्र की आपूर्ति करने का आदेश दिया है। यूरोपीय कंपनी से आयातित फीड एयर कंप्रेसर रविवार 06 जून की शाम जिला चिकित्सालय सीधी पहुंच गया है। कंप्रेसर वायुमंडल से हवा लेता है और प्लांट को 10 से 12 बार प्रेशर पर सप्लाई करता है, यह प्लांट को प्रति मिनट 2500 लीटर हवा की आपूर्ति करने में सक्षम है। कंप्रेसर की आपूर्ति मेसर्स इंगरसोल रैंड इंडिया, अहमदाबाद द्वारा की जा रही है जिसे उनके द्वारा अपनी यूरोपीय कंपनी से आयात किया गया था। मुख्य महाप्रबन्धक श्री जैन ने बताया कि प्लाण्ट का दूसरा प्रमुख हिस्सा पीएसए पैकेज है। यह पैकेज पूरे प्लांट का दिल है जो ऑक्सीजन को संपीड़ित हवा से अलग करता है। यह पुर्तगाल से आयात किया जा रहा है और 13.06.2021 तक भारत में प्राप्त होने की उम्मीद है। कस्टम क्लीयरेंस और टेस्टिंग के बाद पैकेज को दिल्ली से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही फिल्टर, एयर रिसीवर, स्टोरेज वेसल, वॉल्व, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल पैनल आदि के साथ बाकी स्किड को भारत में ही संकलित किया जा रहा है और 12.06.2021 तक दिल्ली एवं नोएडा से प्रेषण होने की उम्मीद है।
