कोविड कमांड सेंटर द्वारा कोरोना संक्रमित मरीजों को दी रही स्वास्थ्य सेवाएं

सीधी धर्मेंद : जिले में होम आइसोलेशन में कोरोना संक्रमितों के स्वास्थ्य की निगरानी का काम कोविड कमांड सेंटर द्वारा बेहतर तरीके से किया जा रहा है। यह सेंटर दिन में लगातार 24 घंटे कार्य करता है। कोरोना संक्रमित मरीज किसी भी समय स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर 1075 पर कॉल कर संपर्क कर सकता है। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए कोविड कमांड सेंटर में डॉक्टरों और सपोर्ट स्टाफ की संख्या में निरंतर वृद्धि की गई है। वर्तमान में डॉ. विवेक कुमार तिवारी, डॉ. स्वेता सिंह, डॉ. राजीव पाण्डेय तथा ऑपरेटर के के कुशवाहा के नेतृत्व में 40 व्यक्तियों की टीम सतत रूप से कार्य कर रही है। यह टीम जिले के 1107 होम आइसोलेशन के मरीजों से दिन में 2 बार बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त करते है। साथ ही मरीजों के तापमान और ऑक्सीजन सेचुरेशन का पूरा रिकार्ड संधारित करते हैं। ऑक्सीजन सेचुरेशन की माप के लिए गरीब वर्ग के मरीजों को रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से थर्मामीटर और पल्स ऑक्सिमिटर उपलब्ध कराया गया है, जिससे मरीजों को भटकना नहीं पड़े। जैसे ही मरीज का स्वास्थ्य थोड़ा भी अस्थिर होता है, उसे तत्काल कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया जाता है। अभी तक ऐसे ही 93 मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। कोविड कमांड सेंटर के कारण जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पा रही हैं। जिला चिकित्सालय में मरीजों के भार में भी कमी आई है, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल पा रही हैं। कोविड कमांड सेंटर ने कोरोना संक्रमित मरीजों के बीच एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और साथ ही कोरोना संक्रमण को रोकने में मदद मिल रही है।
