23 नवम्बर को सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर रवींद्र कुमार चैधरी ने कहा कि आगामी एक दिसंबर को समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

0 206
Main Ad1

23 नवम्बर को सीएम हेल्पलाईन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर रवींद्र कुमार चैधरी ने कहा कि आगामी एक दिसंबर को समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री महोदय द्वारा शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर श्री चैधरी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 30 नवंबर तक अधिक से अधिक शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री चैधरी ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया है कि खाद्यान्न संबंधी सभी शिकायतों का तीन दिवस के अंदर निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्रान्तर्गत संचालित सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों का नियमित भ्रमण करें तथा संबंधित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करायें। श्री चैधरी ने निर्देशित किया है कि पात्रता पर्ची धारी हितग्राहियों को समय से पूरा खाद्यान्न मिलना सुनिश्चित किया जाए तथा सभी पात्र हितग्राहियों का पात्रता पर्ची जारी करना सुनिश्चित करें, एक भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। स्वास्थ्य विभाग के शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर द्वारा प्रसूति सहायता संबंधित शिकायतों का निराकरण तीन दिवस के अंदर किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि प्रसूति सहायता से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं होनी चाहिए। शिकायत दर्ज होने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री चैधरी ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को निर्देशित किया है कि मनरेगा में मजदूरों की मजदूरी भुगतान संबंधी शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करायें। इसके साथ ही कर्मकार कार्ड से संबंधित सभी भुगतान तत्काल करवा कर शिकायतों को संतुष्टिपूर्वक निराकरण दर्ज कराएं। जो भुगतान नहीं होने की स्थिति में हो उसमें स्पष्ट जवाब प्रस्तुत करें । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री चैधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को मिले इसके लिए अधिक से अधिक प्रयास किया जाये। जिससे कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है कि गौशालाओं के चारागाह में जो भी अतिक्रमण संबंधित शिकायत है उन्हें एसडीएम और तहसीलदार मिलकर हटाना सुनिश्चित करें। गौशालाओं के सुचारू संचालन, जिले के शासकीय सेवकों के पेंशन से जुड़े प्रकरणों के निराकरण तथा ऊर्जा विभाग को सभी खराब ट्रांसफार्मर को बदलने हेतु निर्देशित किया है।

News TOP Footer