जिले में अब सभी 11 फीवर क्लीनिकों में रैपिड एंटीजन किट द्वारा कोविड-19 का टेस्ट करने की शुरुआत आज से हो गयी है।


कृतिका सीधी :
जिले में अब सभी 11 फीवर क्लीनिकों में रैपिड एंटीजन किट द्वारा कोविड-19 का टेस्ट करने की शुरुआत आज से हो गयी है। उक्ताशय की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. मिश्रा के द्वारा दी गई है। जिला अस्पताल में आज कुल 37 लोगों की एंटीजन टेस्ट किट से जांच की गई जिसमें से 7 कोरोना पॉजिटिव पाये गए। इसमें से 2 व्यक्ति पुलिस लाइन सीधी से, 1 व्यक्ति फॉरेस्ट ऑफिस सीधी, 2 व्यक्ति यूनियन बैंक सीधी, 1 व्यक्ति शिवाजीनगर नौढ़िया से, 1 व्यक्ति हाउसिंग बोर्ड से है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सभी 11 फीवर क्लीनिकों में रैपिड एंटीजन टेस्ट करने के लिए किट उपलब्ध कराई गई है। इस किट के माध्यम से 15 मिनट के अंदर तत्काल रिपोर्ट प्राप्त हो जाती है। शासन के निर्देशानुसार आज से जिला मुख्यालय में शुरुआत हो चुकी है तथा किट द्वारा रैपिड एंटीजन टेस्ट करने के लिए समस्त लैब टेक्नीशियनो को जो कोविड-19 कार्य में संलग्न किए गए हैं सभी को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। डॉ. मिश्रा द्वारा जिले वासियों से अपील की गई है कि कोरोना वायरस से बचाव तथा संक्रमण रोकने संबंधित दिशा निर्देशों का पालन करते हुए कंटेनमेंट और होम क्वॉरेंटाइन संबंधित निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने संक्रमण रोकने को लेकर अनिवार्य रूप से मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए थोड़े-थोड़े समय में साबुन अथवा सैनिटाइजर से हाथ साफ करने के साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालकों से कोरोना संक्रमण रोकने के प्रयास में विशेष सहयोग की अपील की है।

एनटीवी इंडिया न्यूज़
खबर जरा हट कर –
