जन शिक्षण संस्थान में अनुदेशकों एवं कर्मचारियों की ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित
सीधी:धर्मेंन्द्र
कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा सव्यसॉची सेन्टर के माध्यम से जिले में संचालित जन शिक्षण संस्थान के द्वारा अनुदेशकों एवं कर्मचारियों की कोविड-19 के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए जारी स्टैण्डर्ड आपरेटिंग प्रोसीजर पर आधारित एक ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें संस्थान के कई अनुदेशकों ने अपने घर से ही वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से अपनी सहभागिता प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्थान के अध्यक्ष संजय भदौरिया ने अपने संबोधन में कार्यशाला के विभिन्न विषयों पर अपना मार्गदर्शन देते हुए ये संदेश दिया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उन स्थानीय अप्रवासी श्रमिकों का भी ध्यान रखा जाए जिनका रोजगार इस कोरोना महामारी के कारण छिन गया है। इन श्रमिकों में कई ऐसे कुशल कारीगर भी हैं जिनके अनुभव का लाभ लेकर हम माननीय प्रधानमंत्री जी के ’लोकल फार वोकल’ की अवधारणा को मूर्तरूप देते हुए ’आत्मनिर्भर भारत’ की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं।
श्री भदौरिया ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन में निदेशालय के दिशा निर्देशों तथा एस.ओ.पी. के अलावा वर्तमान में जिला प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन को भी ध्यान रखे जाने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक जय सिंह द्वारा कर्मचारियों एवं अनुदेशकों को निर्देशित करते हुए ये कहा कि वर्तमान परिवेश में पूरी क्षमता के साथ कार्यक्रमों का संचालन नहीं किया जा सकता इसलिए सोसल डिस्टेसिंग को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बैच को दो ग्रुपों में विभाजित कर प्रशिक्षण दिया जाय ताकि कोविड-19 हेतु शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन हो सके। निदेशक ने मंत्रालय की एस.ओ.पी. जारी करते हुए सभी अनुदेशकों तथा कर्मचारियों को यह निर्देशित किया कि हर स्तर पर केन्द्रों में इसका पालन सुनिश्चित किया जाय।
बैठक का संचालन कार्यक्रम अधिकारी बृजेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। बैठक में महेन्द्र सिंह, सुमन सिंह, बृजेश सिंह, श्रीमती शोभा सिंह, शोभनाथ साहू, अनुदेशक ममता यादव, अर्चना मिश्रा, दीपूरानी गुप्ता, गीता सिंह आदि उपस्थित रहीं तथा संस्थान से जुड़े अन्य कई अनुदेशकों ने ऑनलाइन अपनी सहभागिता प्रस्तुत की।