पुलिस चौकी पथरौला में गत दिवस शासकीय उचित मूल्य की दुकान मड़वास में खाद्यान्न पहुंचाने जा रहे बिना नंबर के एक मिनी ट्रक के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 1 व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो पल्लेदार घायल हो गए हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक गत दिवस एक मिनी ट्रक खाद्यान्न गोदाम से अनाज लोडकर उचित मूल्य दुकान मड़वास पहुंचाने जा रहा था शाम तकरीबन 5 बजे पिपरही के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसकी चपेट में आने से अंबिका नापित पिता रामपति नापित (38) निवासी ग्राम चमरौंही (मझिगवां) बुरी तरह से घायल हो गया था। घटना की सूचना उपरांत पुलिस चौकी पथरौला योगेश मिश्रा ने घटनास्थल पहुंचकर घायल को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली के लिए रवाना किया गया किन्तु अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल व्यक्ति ने दम तोड दिया। पता चला है कि मृतक कुशमी जनपद के मेंढकी गांव साइकल से गया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि वापस आते समय मृतक को ठोकर मारकर वाहन पलटा गया होगा जिससे मृतक डिबाईडर से टकराया और सिर फट गया। अधिक रक्त स्राव होने के कारण मौत हो गई है। उक्त घटना में अंबिका नापित की मौत कैसे हुई इसकी विवेचना की जा रही है। घटना के बाद से चालक फरार है। घायल पल्लेदार की सूचना पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।