पूरी सावधानी के सथ घरों में रहकर ही त्यौहार मनायें: कलेक्टर
कृतिका: सीधी
कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला शान्ति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री चौधरी ने समिति के सदस्यों के माध्यम से जिले वासियों से अपील की है कि कोविड-19 के बढ़ते हुए संक्रमण को देखते हुए पूरी सावधानी के साथ घरों पर रहकर ही त्यौहार मनाएं। कलेक्टर श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय समाज में त्यौहारों का विशेष महत्व है। यह लोगों को आपसी मेंल जोल एवं भाईचारे को बढ़ाने में मदद करता है। लेकिन कोविड-19 के संक्रमण के कारण आज हमारे सामने गंभीर चुनौतियां हैं। हमारा एवं हमारे परिजनों का स्वास्थ्य हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। अतः हम सब शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए सीमित दायरें में ही त्यौहारों को मनायें। उन्होने शांति समिति के सदस्यों से कहा कि वे भी अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें तथा पूरी सतर्कता एवं सावधानी रखने की अपील करें।
कलेक्टर ने कहा कि सीधी शहर में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसका असर देखा जा रहा है। हमें पूरी सतर्कता एवं सावधानी बरतनें की आवश्यकता है। उन्होने कहा कि लोग अपने घरों में ही रहें। अति आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलें। घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग अनिवार्य होगा। अपने हाथ को साबुन पानी से नियमित अंतराल में धोते रहें। सार्वजनिक स्थलों पर दो गज की दूरी को ध्यान रखें।
कलेक्टर श्री चौधरी ने उपस्थित कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा जारी निर्देशों एवं प्रतिबंधात्मक आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये। कोई भी व्यक्ति यदि होम क्वारेंटाइन के निर्देशों का उल्लंघन करता है तो उसके ऊपर कार्यवाही की जाये। उन्होने दुकानों पर भीड़ पाये जाने पर उसे सील करने के निर्देश दिए हैं तथा दोबारा ऐसी गलती करने पर वैधानिक कार्यवाही करेने के लिए निर्देशित किया है उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शहर के मुख्य स्थानों पर कोविड-19 सें बचाव के उपायों के विषय में सतत् रूप से एलाउंस करने के निर्देश दिए हैं।
अपर कलेक्टर हर्षल पंचोली आईएएस ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण के इस दौर में हम त्यौहारों का एक नया स्वरूप देखेंगें। सार्वजनिक रूप से त्यौहारों को मनाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होने शांति समिति के सदस्यों से शासन द्वारा जारी एडवायजरी के पालन के लिए कहा है। उन्होने इसके विषय में लोगों को जागरूक करने तथा इसके पालन के लिए सबकों प्रेरित करने को कहा है। उन्होने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना आवश्यक है।
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने पर होगी कार्यवाही
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने वालों के विरूद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। यदि ऐसी कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल उसे पुलिस अधिकारी या सायबर सेल के साथ साझा करें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में धारा-144 अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी हैं जिसके माध्यम से 5 से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर रोक लगाई गयी है। उन्होने इस कठिन समय में लोगों से प्रशासन की मदद करने की अपील की है।
बैठक में उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलांम्बर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर राजेश मेहता, तहसीलदार लक्ष्मीकांत मिश्रा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह परिहार सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।