प्रदेश की बेटी उपासना शर्मा द्वारा मंत्री तुलसी सिलावट से पूछे गए सवाल पर मंत्री के समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर किए जा रहे अभद्र एवं अपमानजनक कमेंट पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता की उपज बताया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता प्रदीप सिंह दीपू ने जारी बयान में कहा है कि भाजपाई जब भी किसी नारी शक्ति के सवालों का जवाब नहीं दे पाते तब उसका चरित्र हनन एवं अपमान करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों का चरित्र हनन एवं अपमान करना भाजपाइयों की पुरानी संस्कृति रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ। का ढोंग करने वाली भारतीय जनता पार्टी के शासन में महिलाओं के विरुद्ध सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं। मध्यप्रदेश में भाजपा के पिछले 15 वर्षों में बलात्कार एवं महिला अपराधों में मध्य प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर था। वर्तमान समय में भी जहां से भी बलात्कार एवं महिलाओं से संबंधित अपराधियों की खबरें आती हैं अधिकांश जगह भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ताओं का नाम सामने आ रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बलात्कारियों को भाजपा सरकारों का संरक्षण प्राप्त होने की वजह से महिला अपराधों में भाजपा शासित राज्यों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। नारी शक्ति का अपमान एवं उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करना भाजपाइयों को विरासत में मिला है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि एक बेटी के सवाल पूछने पर जो कि उसका संवैधानिक अधिकार था सवाल का जवाब ना देकर उसको अपमानित एवं प्रताड़ित करने की यह घटना बहुत ही शर्मसार करने वाली है। इस घिनौने कृत्य के लिए प्रदेश की जनता मंत्री तुलसी सिलावट तथा भारतीय जनता पार्टी एवं शिवराज सरकार को कभी माफ नहीं करेगी।