आमतौर पर एक्सीडेंट के बाद घायल व्यक्ति को उपचार की जरूरत होती है लेकिन शायद अब इंसानियत मर चुकी है और घायल व्यक्ति की मदद करने की बजाय लोग वीडियो बनाने में मशगूल रहते हैं जिसकी वानगी बीते रविवार को शाम 4 बजे के लगभग बहरी थाना अंतर्गत कुबरी गांव में देखने को मिली।
बहरी थाना अंतर्गत नशे में डूबा बाइक सवार मोहम्मद यूनुस पिता अब्दुल खालिद निवासी नौडिया थाना जियावन, देवसर ने बहरी थाना अंतर्गत कुबरी गांव में एक 7 वर्षीय मासूम प्रीति रावत पिता मनीष रावत के ऊपर बाइक चढ़ाकर बुरी तरह से घायल कर दिया। जहां मौके पर ही मासूम का पैर टूट गया तथा बुरी तरह से घायल होकर तड़प रही थी।
मासूम तड़प रही थी लोग वीडियो बना रहे थे
एक्सीडेंट के बाद घायल मासूम तथा बाइक सवार की लोग मदद करने की बजाए वीडियो तथा फोटो बनाने में मशगूल थे। जहां किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम की सूचना डायल हंड्रेड के कंट्रोल रूम को दिया। कंट्रोल रूम ने 8479 आईडी से तत्काल इसकी जानकारी कोतवाली में तैनात डायल हंड्रेड को दिया। कंट्रोल रूम द्वारा बताया गया कि बुरी तरह एक बच्ची घायल हो गई है। जिसको उपचार की तत्काल जरूरत है। जहां डायल हंड्रेड में तैनात चालक दिनेश मिश्रा तथा आरक्षक 328 अनूप पेड्रो तत्काल घटनास्थल कुबरी के लिए रवाना हो गए। देवदूत बनी डायल हंड्रेड ने मात्र पाँच मिनट में कुबरी का रास्ता तय कर लिया तथा घायल मासूम तथा बाइक सवार को डायल हंड्रेड में लेकर जिला चिकित्सालय में उपचार हेतु भर्ती कराया गया। बताया गया कि घायल मासूम की मदद करने के बजाय लोग वीडियो और फोटो बना रहे थे जो इंसानियत पर भी सवाल खड़ा करती है।