जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत कुर्रवाह में मनरेगा द्वारा पंचायत में मशीन से काम कराये जाने को लेकर वीडियो खींचने वाले युवक समेत चार के साथ मारपीट की गई है। यहां तक की तलवार एवं कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद सभी घायल अस्पताल मेें भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार ब्रह्मा द्विवेदी पिता बाबूलाल 30 वर्ष निवासी कुर्रवाह 25 जून को सुबह करीब 9 बजे मशीन से काम होने को लेकर मोबाइल से वीडियो बना रहा था इस दौरान आरोपियों द्वारा मोबाइल तो छीन ही लिया गया साथ ही उसी रात ब्रह्मा द्विवेदी एवं तीन अन्य के साथ मारपीट की गई। बताया गया है कि इस मामले में विकेश द्विवेदी पिता शीतला प्रसाद, विवेक द्विवेदी पिता शीतला एवं प्रदेश द्विवेदी के साथ तलवार एवं कुल्हाड़ी से प्रहार किया गया है। मारपीट करने वालों में उपसरपंच जागेश्वर शर्मा समेत मंटू द्विवेदी, जनकुशल द्विवेदी एवं बाबू द्विवेदी शामिल रहे हैं। घटना की जानकारी पुलिस डायल 100 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किया है। इस घटना में एक की हालत गंभीर है वहीं ब्रह्मा को भी काफी चोटे लगी हैं। सभी घायल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराये गये हैं। उधर इस मामले में गांव के ही लोगों द्वारा किये गये मारपीट की वारदात की शिकायत जमोड़ी थाने में की गई है।