प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ने बोला सरकार पर हमलाकृतिका: सीधी
म.प्र. काँग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह ने देश में पिछले 10 दिनों से लगातार हो रही डीजल एवं पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि पर विरोध व्यक्त करते हुए कहा कि कोरोना काल में पिछले 2.5 महीनों से बंद पड़ी अर्थव्यवस्था अभी प्रारंभ हो रही है, लोग अपने जीवन यापन की व्यवस्था अभी ठीक से संचालित भी नहीं कर पाए की केंद्र की मोदी सरकार ने डीजल एवं पेट्रोल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि प्रारंभ कर दी जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। केंद्र व राज्य सरकार कच्चे तेल पर टैक्स बढ़ाकर अपना खजाना भरने में लगी हैं उन्हें आम जनता की कोई चिंता नहीं है। डीजल एवं पेट्रोल पर निर्भर परिवहन व्यवस्था लॉकडाउन के पश्चात से सोशल डिस्टेंशिंग का पालन करते हुए आधी सवारी के साथ बस, टैक्सी व ऑटो को चलने की अनुमति प्रदान की गई जिससे इन परिवहन मालिकों का खर्च भी निकलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे समय पर डीजल एवं पेट्रोल के दामों में वृद्धि का सीधा असर आम जनता पर किराये में भारी वृद्धि के साथ पडेगा तथा माल ढुलाई में लगे वाहनों में डीजल वृद्धि का असर रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में भारी वृद्धि के साथ जनता की कमर तोड़ेगा।
श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति के समय आम जनता को मंहगाई से राहत देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार को प्रयास करना चाहिए लेकिन भाजपा की पूंजीपतियों की साथ देने वाली सरकार डीजल व पेट्रोल के दामों में वृद्धिकर बड़े बड़े तेल कारोबारियों को फ़ायदा पहुँचाने में लगी हुई है।
प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह ने आगे कहा कि यदि शीघ्र ही डीजल व पेट्रोल के दामों में सरकार द्वारा कमी नहीं की जाती तो म. प्र. की कांग्रेस पार्टी आम जनता के हित में सड़क पर उतरकर गांव से शहर तक विरोध प्रदर्शन करेगी, और सरकार को मूल्य वृद्धि वापस लेने के लिए मजबूर कर दिया जाएगा। प्रदेश महामंत्री ने प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले वर्षों में डीजल व पेट्रोल की कीमतों में एक या दो रुपये की भी वृद्धि होने पर वे साइकिल से मंत्रालय जाते थे और इस भयंकर वृद्धि के समय वे स्वयं या उनके मंत्री सायकिल से सफर क्यों नहीं कर रहे सभी भाजपा के नेता चुप क्यों बैठें हैं जबकि बढ़ती महंगाई सभी को दिखाई दे रही है |
ज्ञान सिंह ने मोदी सरकार की विदेश नीति की आलोचना करते हुए कहा की मोदी जी अपने पिछले कार्यकाल से चीन का दौरा पर दौरा करते रहे और चीन सीमा पर सैनिक गतिविधियां बढ़ाता रहा और मोदी जी अपने भाषण में भारत चीन के सम्बन्ध लगातार बेहतर बताते रहे लेकिन इस कोरी भाषणबाजी का परिणाम 20 जवानों की शहादत के साथ पूरे देश को सहना पड़ रहा है। चाहे पकिस्तान हो या चीन जब तक ठोस निर्णय नहीं लिए जायेंगे भारत पर ऐसे हमले होते रहेंगे और हमारे वीर जवान सरकार की गलत विदेश नीतियों का शिकार होते रहेंगे।